मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

क्या वेनेजुएला ह्यूगो चावेज़ की नीतियों को त्याग रहा है?

C

CG Khabar

24 जन. 2026, 07:14 PM 3 मिनट में पढ़ें 13

ह्यूगो चावेज़
ह्यूगो चावेज़

सीजीखबर डेस्क: वेनेजुएला की संसद में तेल क्षेत्र से जुड़े क़ानून में प्रस्तावित बदलाव सिर्फ एक तकनीकी सुधार नहीं, बल्कि पूर्व राष्ट्रपति ह्यूगो चावेज़ की विरासत से निर्णायक दूरी का संकेत माना जा रहा है. हाइड्रोकार्बन क़ानून में संशोधन का जो प्रस्ताव है, वह देश की तेल नीति को उस दिशा में मोड़ रहा है, जहाँ निजी और विदेशी पूंजी की भूमिका निर्णायक हो जाएगी.


ह्यूगो चावेज़ ने वर्ष 2006–07 में वेनेजुएला के तेल उद्योग का राष्ट्रीयकरण करते हुए इसे समाजवादी आर्थिक मॉडल की रीढ़ बनाया था. उनके कार्यकाल में राज्य-स्वामित्व वाली तेल कंपनी PDVSA को तेल उत्पादन, विपणन और निर्यात पर पूर्ण नियंत्रण दिया गया. 

विज्ञापन


विदेशी कंपनियों को केवल उन्हीं संयुक्त उपक्रमों में काम करने की अनुमति थी, जिनमें PDVSA की बहुमत हिस्सेदारी अनिवार्य थी. चावेज़ का स्पष्ट तर्क था कि तेल वेनेजुएला की संप्रभुता और सामाजिक कल्याण का साधन है, न कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों के मुनाफ़े का.


लेकिन मौजूदा सरकार अब उसी ढांचे को क्रमशः बदलने की दिशा में आगे बढ़ती दिख रही है. नए प्रस्ताव के तहत निजी कंपनियों को कच्चे तेल का प्रत्यक्ष व्यावसायीकरण करने, विदेशी बैंकों में खाते खोलने और संयुक्त परियोजनाओं का तकनीकी व संचालन नियंत्रण संभालने की अनुमति दी जा रही है. 


रॉयल्टी दरों को 30 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत तक लाने का प्रावधान भी किया गया है, ताकि निवेश आकर्षित किया जा सके.


इसके साथ ही, तेल से जुड़ी सहायक सेवाओं पर राज्य का एकाधिकार समाप्त करने और अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता व पंचाट जैसे विवाद-निपटान तंत्र को मान्यता देने का प्रस्ताव है. यह वे सभी मांगें हैं, जो वर्षों से अमेरिकी और बहुराष्ट्रीय तेल कंपनियाँ उठाती रही हैं.


यह बदलाव ऐसे समय हो रहा है, जब अमेरिका और वेनेजुएला के बीच ऊर्जा सहयोग तेज़ी से आगे बढ़ रहा है. अमेरिकी प्रशासन ने दोनों देशों के बीच लगभग 500 अरब डॉलर के ऊर्जा समझौते की घोषणा की है और प्रतिबंधों में ढील के बाद वेनेजुएला को बाज़ार दर पर तेल बेचने की अनुमति मिली है. 

हाल ही में अमेरिकी तेल बिक्री से 300 मिलियन डॉलर की पहली राशि वेनेजुएला को प्राप्त हुई है, जिसे विदेशी मुद्रा बाज़ार को स्थिर करने में लगाया गया है.


आलोचकों का कहना है कि यह सुधार कानून की आड़ में उसी व्यवस्था को वैध बना रहा है, जो पहले “एंटी-ब्लॉकेड लॉ” के तहत गोपनीय समझौतों के रूप में लागू की जा चुकी थी. अर्थशास्त्री जोस गुएरा के अनुसार, यह कानून जानबूझकर अस्पष्ट रखा गया है, ताकि चावेज़ की विरासत से खुले तौर पर टकराव न दिखे, लेकिन व्यवहार में निजी पूंजी को पहले से अधिक अधिकार मिल जाएँ.


विपक्ष ने इस विधेयक पर जल्दबाज़ी और सार्वजनिक विमर्श की कमी का आरोप लगाते हुए मतदान से दूरी बना ली है. उनका तर्क है कि दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार वाले देश में ऊर्जा नीति कोई साधारण क़ानून नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय सामाजिक समझौता होनी चाहिए.


फिर भी, समग्र तस्वीर यही संकेत देती है कि निकोलस मादुरो को अमेरिका द्वारा हटाने के बाद वेनेजुएला अब चावेज़ के समाजवादी तेल मॉडल से धीरे-धीरे बाहर निकल रहा है. अमेरिकी प्रतिबंधों में ढील, विदेशी कंपनियों को बढ़ती भूमिका और बाज़ार परस्त नीतियाँ इन सबको एक साथ देखा जाए, तो इसे अमेरिका की रणनीतिक और आर्थिक जीत कहना गलत नहीं होगा.


अब यह विधेयक परामर्श चरण और दूसरी बहस के लिए जाएगा, लेकिन दिशा स्पष्ट है तेल, जो कभी चावेज़ की संप्रभुता राजनीति का प्रतीक था, अब वैश्विक पूंजी और अमेरिकी प्रभाव के नए दौर में प्रवेश कर रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
पीट हेगसेथ- अमेरिकी रक्षा मंत्री
देश-विदेश

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग की तैयारी, रिपब्लिकन सांसद का प्रस्ताव

एक घंटा पहले

फ्रांस में प्रदर्शन- फाइल फोटो
देश-विदेश

फ्रांस: विरोध प्रदर्शनों के बीच 1.6% बढ़ा न्यूनतम वेतन, 1 दिसंबर से लागू होगी नई दर

4 घंटे पहले

गाज़ा में विनाश
देश-विदेश

ब्रिटेन संसद से 1 लाख लोगों ने की गाजा युद्ध में यूके की भूमिका की जांच की मांग

4 घंटे पहले

सोना- चीन खरीद रहा है सोना
देश-विदेश

चीन में चमका सोना: गिरते दामों के बीच केंद्रीय बैंक और युवा ग्राहकों की बढ़ी खरीदारी

4 घंटे पहले

डोनाल्ड ट्रंप- राष्ट्रपति अमेरिका
देश-विदेश

ईरान युद्ध रोकने ट्रंप का दांव: चीन-रूस संग बैठक की तैयारी

5 घंटे पहले

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे
देश-विदेश

मल्लिकार्जुन खरगे के 'खुशियों की ईद' टिप्पणी पर हमलावर हुई BJP, कांग्रेस का पलटवार

9 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP