वैष्णो देवी मंदिर में चांदी चढ़ावे में हेराफेरी का मामला गरमाया
जम्मू । डेस्क: जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर में करीब 550 करोड़ रुपये के चांदी के चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. बद्रीनाथ मंदिर और राम मंदिर में हाल ही में सामने आए दान चोरी के विवादों के बीच इस पुराने मामले ने दोबारा तूल पकड़ लिया है.
जम्मू के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच के जांच अधिकारी को 29 जुलाई को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है. अदालत ने जांच अधिकारी को मामले का पूरा रिकॉर्ड साथ लाने और अब तक की गई कार्रवाई पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं.
यह अदालती आदेश वकील दीपक शर्मा द्वारा दायर की गई एक शिकायत पर आया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंदिर बोर्ड द्वारा सरकारी टकसाल भेजे गए लगभग 20 टन चांदी के चढ़ावे में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है.
रिपोर्टों के अनुसार, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने इस चांदी की कीमत 550 करोड़ रुपये आंकी थी, लेकिन सरकारी टकसाल में हुई जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ.
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जांच में केवल 5 प्रतिशत चांदी ही असली पाई गई, जिसकी वास्तविक कीमत 30 करोड़ रुपये से भी कम है. शेष 95 प्रतिशत धातु नकली निकली, जिसमें मुख्य रूप से कैडमियम और लोहे की मिलावट थी.
शिकायतकर्ता दीपक शर्मा का कहना है कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने आशंका जताई है कि या तो असली चांदी को मंदिर परिसर से टकसाल ले जाते समय रास्ते में बदल दिया गया, या फिर इसे टकसाल के भीतर ही बदला गया है.
इसके अलावा श्राइन बोर्ड की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं, क्योंकि बोर्ड ने इन मीडिया रिपोर्टों का खंडन नहीं किया था. शिकायत में यह भी हवाला दिया गया है कि साल 2014 में सामने आई एक आरटीआई रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले भी मंदिर में भारी मात्रा में सोना और चांदी नकली पाए गए थे, लेकिन तब भी किसी की जवाबदेही तय नहीं की गई थी.
फिलहाल, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता वाले श्राइन बोर्ड की ओर से इन ताजा आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.