जबलपुर: लापरवाही ने डुबोया क्रूज, 9 मौतों के बाद वीडियो ने मचाया हड़कंप
जबलपुर । डेस्क: मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे का एक नया और विचलित करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में हादसे से ठीक पहले क्रूज के भीतर की चीख-पुकार और दहशत साफ देखी जा सकती है.
वीडियो में दिख रहा है कि क्रूज के अंदर तेजी से पानी भर रहा है और लहरें नाव से टकरा रही हैं. एक तरफ जहां यात्री डर के मारे रो रहे हैं, वहीं क्रूज कर्मचारी आनन-फानन में लाइफ जैकेट बांटते नजर आ रहे हैं. एक अन्य वीडियो में दिख रहा है कि हादसे से कुछ देर पहले तक यात्री हंसी-मजाक कर रहे थे, लेकिन पल भर में यह खुशी मातम में बदल गई.
इस हादसे ने प्रशासन और क्रूज प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जांच में सामने आया है कि 'इनलैंड वेसल्स एक्ट, 2021' की सरेआम धज्जियां उड़ाई गईं. नियमों के मुताबिक, यात्रा शुरू होने से पहले हर यात्री को लाइफ जैकेट पहनाना अनिवार्य है, लेकिन जीवित बचे यात्रियों का आरोप है कि पानी भरने के बाद उन्हें जैकेट दिए गए.
इसके अलावा, क्रूज में क्षमता से अधिक लोग सवार थे. रिकॉर्ड के अनुसार केवल 29 यात्रियों के टिकट कटे थे, जबकि क्रूज पर 40 लोग सवार थे.
सवाल यह है कि बाकी 11 लोगों का नाम सूची में क्यों नहीं था?
सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि मौसम विभाग ने 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान की चेतावनी दी थी, फिर भी क्रूज को चलने की अनुमति दी गई.
अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं और शनिवार सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा शुरू कर दिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर दी गई है.