बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: दीपक बैज ने छात्र आत्महत्या मामले पर उठाए सवाल

C

CG Khabar

20 जुल. 2026, 05:26 AM 2 मिनट में पढ़ें 16

दीपक बैज
दीपक बैज

जगदलपुर । संवाददाता: देशभर में चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली नीट परीक्षा और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने रविवार को संभाग मुख्यालय जगदलपुर में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए इन गड़बड़ियों के लिए सीधे तौर पर केंद्र सरकार की नीतियों और प्रबंधन को कठघरे में खड़ा किया. 


उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में पेपर लीक अब एक महामारी का रूप ले चुका है, जिसके कारण परीक्षाओं की विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म हो गई है और देश का युवा गंभीर मानसिक दबाव में आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो रहा है.

विज्ञापन


इस राष्ट्रीय संकट का एक दर्दनाक पहलू बस्तर संभाग में भी देखने को मिला है. दीपक बैज ने स्थानीय आड़ावाल क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां की एक मेधावी छात्रा सुरला हारिका राव ने हाल ही में दोबारा आयोजित हुई नीट परीक्षा के परिणामों से निराश होकर आत्महत्या कर ली. 


रद्द हुई पहली परीक्षा में इस बच्ची के अंक बेहद आ रहे थे, लेकिन पेपर लीक विवाद के बाद जब दोबारा परीक्षा ली गई, तो उसके अंकों में भारी गिरावट आ गई. परीक्षा प्रणाली की इस अनिश्चितता और मानसिक तनाव को वह सहन नहीं कर सकी.


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि इस बच्ची और देश के अन्य छात्रों की मौतों के लिए सीधे तौर पर केंद्र सरकार जिम्मेदार है. 


प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने देहरादून में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा संबोधित छात्रों की 'गूंज महारैली' का हवाला भी दिया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के मंच पर एक अन्य पीड़ित मृत छात्रा रिया थापा के पिता ने अपना दर्द साझा किया था, जिससे साफ है कि यह संकट केवल आंकड़ों का नहीं बल्कि बिखरते परिवारों का है.


आंकड़ों के हवाले से बात करते हुए दीपक बैज ने दावा किया कि देश में अब तक विभिन्न परीक्षाओं के 150 से अधिक पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब 7.5 करोड़ छात्र और उनके अभिभावक सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं. परीक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अब चौतरफा दबाव बढ़ता जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP