जगदलपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत
जगदलपुर । संवाददाता: जगदलपुर जिले के बड़ाजी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई. ग्राम छापर भानपुरी के निकट करमगुड़ा प्राथमिक स्कूल के पास देर रात किसी अज्ञात वाहन ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि दोनों सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
मृतकों की पहचान छापर भानपुरी निवासी पिलाराम कश्यप (28 वर्ष) और जीरो कश्यप (31 वर्ष) के रूप में हुई है.
राहगीरों की नजर जब सड़क किनारे पड़े शवों और बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइक पर पड़ी, तब उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
खबर मिलते ही बड़ाजी थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद देह परिजनों को सौंप दी जाएगी.
बड़ाजी थाना प्रभारी राजेश राठौर ने बताया कि टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से भाग निकला.
चूंकि दुर्घटना के समय वहां कोई चश्मदीद मौजूद नहीं था, इसलिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और सड़क पर पड़े टायरों के निशानों से वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है. फरार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.