जशपुर: तीन कांस्टेबल बर्खास्त, दो के वेतन में कटौती
जशपुर । संवाददाता: पुलिस महकमे में कर्तव्य के प्रति लापरवाही और लगातार गैरहाजिर रहने वाले पांच जवानों पर जशपुर के डीआईजी व एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है. छत्तीसगढ़ पुलिस नियम 64(2) और सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन के दोषी पाए गए तीन आरक्षकों को सेवा से ही बर्खास्त कर दिया गया है. वहीं, दो अन्य कांस्टेबलों पर भी गंभीर विभागीय कार्रवाई करते हुए उनके वेतन और सेवा लाभों में कटौती की गई है.
इस कड़े फैसले से विभाग के भीतर अनुशासनहीनता बरतने वाले कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है.
इस कड़ी कार्रवाई की जद में आए आरक्षकों में संतोष कुमार राम (क्रमांक 737), नेल्सन तिग्गा (क्रमांक 525) और अशोक कुमार एक्का (क्रमांक 394) शामिल हैं, जिन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है. विभागीय जांच में सामने आया कि आरक्षक अशोक कुमार एक्का ने अपने 20 साल के सेवाकाल में रिकॉर्ड 30 बार में कुल 1151 दिनों तक बिना किसी सूचना के ड्यूटी से दूरी बनाए रखी.
वहीं नेल्सन तिग्गा ने 17 वर्षों की नौकरी के दौरान 28 बार में कुल 923 दिन गायब रहकर नियमों की धज्जियां उड़ाईं, जिन्हें पूर्व में 27 बार सजा भी मिल चुकी थी.
तीसरे आरक्षक संतोष कुमार राम ने अपनी 13 साल की सेवा में 33 बार अनाधिकृत रूप से कुल 469 दिनों की गैरहाजिरी दर्ज कराई. चेतावनी और पूर्व में मिली सजाओं के बाद भी इन तीनों के आचरण में कोई सुधार नहीं देखा गया, जिसके चलते इन्हें बर्खास्त करने का अंतिम निर्णय लिया गया.
बर्खास्तगी के अलावा दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी उनके लापरवाह रवैये के लिए दंडित किया गया है. आरक्षक इरीमियस कुजूर को बिना सूचना ड्यूटी से गायब रहने के कारण वेतन में कटौती की सजा दी गई है. इसके साथ ही एक अन्य आरक्षक बिंदेश्वर राम को एक वर्ष के लिए न्यूनतम वेतनमान पर डिमोट कर दिया गया है, जिसका सीधा प्रतिकूल असर उनके भविष्य के वेतन और पेंशन पर पड़ेगा.
यह समूचा आदेश पुलिस नियम 221(अ) के प्रावधानों के अंतर्गत 29 मई 2026 को जारी किया गया है.
इस बड़ी कार्रवाई पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले महकमे में अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जा सकता.
उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जनता की सुरक्षा के प्रति उत्तरदायी पुलिस बल का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी यदि अपने दायित्वों से मुंह मोड़ता है या लापरवाही बरतता है, तो उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा. एसएसपी की इस सख्त पहल को विभाग में पारदर्शिता और जिम्मेदारी तय करने की दिशा में एक बेहद जरूरी और कड़ा संदेश माना जा रहा है.