जशपुरनगर: नशे में धुत्त पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला
जशपुरनगर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में खाने में मनपसंद सब्जी न मिलने पर पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के घुटरी गांव की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
मामले का खुलासा तब हुआ जब 26 जुलाई को 46 वर्षीया दुबेश्वरी बाई की संदेहास्पद अवस्था में मौत की खबर पुलिस को मिली. मृतका के शरीर पर अंदरूनी व बाहरी चोटों के गहरे निशान थे और सिर से खून निकल रहा था. शव के पोस्टमार्टम में जब हत्या की पुष्टि हुई, तो पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की.
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी पति, 48 वर्षीय जगेश्वर राम ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया.
उसने पुलिस को बताया कि वह शराब के नशे में घर लौटा था. जब उसे पता चला कि उसकी पसंद का खाना नहीं बना है, तो वह आपा खो बैठा. बहस बढ़ने पर उसने अपनी पत्नी की लात-घूंसों से इतनी बेरहमी से पिटाई कर दी कि महिला की मौके पर ही सांसें थम गईं. ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जिसने अंततः इस खौफनाक वारदात का रूप ले लिया.