पाक ने सैन्य कार्रवाई की तो कड़ा जवाब देंगे-जयशंकर
नई दिल्ली | डेस्क: भारत ने कहा है कि अगर पाकिस्तान ने कोई सैन्य कार्रवाई की तो उसे इसका कड़ा जवाब दिया जाएगा. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची के साथ बैठक के दौरान यह बयान दिया है.
ईरानी विदेश मंत्री अराग़ची भारत-ईरान मैत्री संधि की 75वीं वर्षगांठ पर द्विपक्षीय सहयोग समीक्षा बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत दौरे पर हैं. जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर इस बारे में जानकारी दी.
उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री को 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले की जानकारी देते हुए बताया कि "इस हमले ने हमें सीमा पार हमला करने पर मजबूर किया."
भारतीय विदेश मंत्री ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद भारत ने 7 मई को 'आतंकी ठिकानों' को निशाना बनाकर सीमा पार हमला किया.
जयशंकर ने कहा, "हम तनाव बढ़ाना नहीं चाहते हैं, लेकिन अगर हमारे ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई की जाती है, तो इसमें कोई संदेह नहीं है कि हम बहुत मजबूती से इसका जवाब देंगे."
जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री अराग़ची से कहा, "एक पड़ोसी और करीबी साझेदार के रूप में, यह महत्वपूर्ण है कि आप हालात से अच्छी तरह वाकिफ़ हों."
इधर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को दिल्ली में सर्वदलीय बैठक हुई. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि रक्षा मंत्री ने बैठक में मौजूद सभी नेताओं को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी.
किरेन रिजिजू ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर ऑनगोइंग ऑपरेशन है."
उन्होंने कहा, "राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक अच्छी तरह से हुई. गंभीर विषय था इसलिए सभी ने गंभीरता से अपनी बात को रखा है. सबसे पहले रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में सभी नेताओं को जानकारी दी. सारे हालात और सरकार की मंशा के बारे में बताया. विभिन्न पार्टी के नेताओं ने भी अपनी बातें रखीं और कुछ सुझाव भी दिए."
किरेन रिजिजू ने बताया कि सभी नेताओं ने सेना की हर कार्रवाई पर साथ देने का भरोसा दिया.