अयोध्या राम मंदिर में नमाज पढ़ने की कोशिश में कश्मीरी हिरासत में
अयोध्या । डेस्क: अयोध्या के राम मंदिर परिसर में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब कश्मीर के एक निवासी को प्रतिबंधित क्षेत्र में नमाज पढ़ने की कोशिश करते हुए हिरासत में लिया गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान अब्दुल अहमद शेख (55) के रूप में हुई है, जो कश्मीर के शोपियां जिले का निवासी है.
बताया जा रहा है कि अहमद शेख हाई-सिक्योरिटी जोन से होते हुए मंदिर परिसर में दाखिल हुआ और दर्शन करने के बाद सीता रसोई क्षेत्र के पास नमाज पढ़ने की तैयारी करने लगा.
सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत रोककर हिरासत में ले लिया और स्थानीय पुलिस को सौंप दिया. कुछ सूत्रों का यह भी दावा है कि रोके जाने पर उसने नारेबाजी की, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
दूसरी ओर, आरोपी के परिवार का दावा है कि अहमद शेख मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसके इलाज से संबंधित मेडिकल दस्तावेज भी पुलिस को दिखाए गए हैं.
पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि वह अयोध्या अकेले आया था या किसी की मदद से, और उसके यहां आने का असली मकसद क्या था.
तलाशी के दौरान उसके पास से केवल कुछ सूखे मेवे बरामद हुए हैं और उसने पूछताछ में बताया कि वह अजमेर जा रहा था. आगामी मकर संक्रांति और 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के मद्देनजर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.