कवर्धा गैंगरेपः तीनों आरोपी गिरफ्तार
कवर्धा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कवर्धा में आदिवासी युवती से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के 36 घंटे के अंदर ही पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा.
तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और नशे के आदी हैं. तीनों पहले भी जेल जा चुके हैं. पीड़िता ने कार्यपालन दंडाधिकारी की उपस्थिति में आरोपियों की पहचान की है.
इस मामले को लेकर गुरुवार को पूरे कवर्धा में आक्रोश फैल गया था. आदिवासी समाज के साथ आम जनता ने कलेक्टोरेट का घेराव करते हुए धरना प्रदर्शन किया था.
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था. साथ ही 50 लाख मुआवजे की मांग की गई थी. साथ ही एसपी धमेंद्र सिंह की गाड़ी को घेरकर जमकर हंगामा किया था.
समाज के लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि आरोपियों को शीघ्र नहीं पकड़ा गया तो अग्र आंदोलन किया जाएगा. इसके बाद से शहर में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी.
इधर कांग्रेस कमेटी ने इस मामले की जांच के लिए पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया के नेतृत्व में सात सदस्यीय समिति का गठन किया है.
दरअसल, पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है. दो दिन पहले पीड़ित युवती देर रात अपने साथी के साथ उसके घर पर ठहरी हुई थी.
दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और युवती घर से अकेली बाहर निकल गई. कुछ देर बाद बाइक पर नसीम अहमद (25), जितेंद्र खरे (22) और मोहम्मद सरफराज (21) पहुंचे.
युवती को अकेला देख आरोपियों की नीयत बिगड़ी. युवक लड़की को बाइक पर जबरदस्ती बैठाकर अटल आवास की ओर सुनसान जगह पर ले गए. तीनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया.
इसके बाद में पीड़िता को बस स्टैंड के पास छोड़कर फरार हो गए. सुबह पीड़िता पुलिस स्टेशन पहुंची और शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को तीनों आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया है. घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार थे.
सबसे पहले आज सुबह आरोपी नसीम अहमद को गंडई से गिरफ्तार किया गया. इसके बाद जितेंद्र खरे और मोहम्मद सरफराज को चिल्फी घाटी के पास से पकड़ा गया है.
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. आरोपी नशे के आदी हैं. वारदात वाली रात को भी तीनों ने एक दुकान से सुलेशन चुराकर नशा किया था.