NDA में शामिल होने पर केरल को अधिक धनराशि मिलेगी- रामदास अठावले
कन्नूर । डेस्क: केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने बुधवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को एक चौंकाने वाला सुझाव देते हुए उन्हें भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल होने की सलाह दी है.
केरल के कन्नूर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अठावले ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री विजयन और माकपा एनडीए का हिस्सा बनते हैं, तो यह एक 'क्रांतिकारी निर्णय' होगा और इससे केरल के विकास के लिए केंद्र से अधिक धनराशि मिल सकेगी.
अठावले का यह बयान ऐसे समय में आया है जब फंड आवंटन को लेकर केंद्र और केरल सरकार के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही है.
वहीं, अठावले के इस सुझाव पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए माकपा के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन ने इसे सिरे से खारिज कर दिया. गोविंदन ने कहा कि केंद्रीय मंत्री इस तरह की बातें इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे केरल की राजनीति और संस्कृति को नहीं समझते.
उन्होंने अठावले के बयान को 'असंवैधानिक' करार देते हुए कहा कि केंद्र से पैसा पाने के लिए एनडीए का हिस्सा बनने की शर्त रखना लोकतांत्रिक मूल्यों और संघीय ढांचे के सिद्धांतों के पूरी तरह खिलाफ है.