गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

खामेनेई ने ट्रंप को बताया 'अपराधी', कहा- विदेशी ताकतों ने रची बड़ी साजिश

C

CG Khabar

17 जन. 2026, 07:56 PM 2 मिनट में पढ़ें 15

अयातुल्ला अली खामेनेई
अयातुल्ला अली खामेनेई

तेहरान । डेस्क: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने देश में हाल ही में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. एक बयान में खामेनेई ने दावा किया कि हफ्तों तक चली इस हिंसा के पीछे अमेरिका और इजरायल से जुड़े तत्वों का हाथ था, जिसके कारण "कई हजार" लोगों की जान गई.


ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, खामेनेई ने इन विरोध प्रदर्शनों को ईरान के खिलाफ एक 'अंतरराष्ट्रीय साजिश' करार दिया. उन्होंने विशेष रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को "अपराधी" बताते हुए आरोप लगाया कि इस बार की 'देशद्रोही गतिविधियों' में अमेरिकी राष्ट्रपति व्यक्तिगत रूप से शामिल हैं. खामेनेई ने कहा, "इजरायल और अमेरिका से जुड़े लोगों ने भारी नुकसान पहुंचाया और हजारों लोगों की हत्या की."

विज्ञापन


तेहरान से अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पहली बार है जब ईरान की सर्वोच्च सत्ता ने मौतों की संख्या हजारों में बताई है. इससे पहले ईरानी अधिकारी केवल सैकड़ों मौतों की बात स्वीकार कर रहे थे, जिनमें सुरक्षा बल भी शामिल थे. 


हालांकि, अभी तक मौतों का कोई आधिकारिक और सटीक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है, लेकिन अमेरिका स्थित मानवाधिकार समूह HRANA ने भी लगभग 3,000 लोगों के मारे जाने की बात कही है.


प्रदर्शनों की शुरुआत 28 दिसंबर को बढ़ती कीमतों और आर्थिक कठिनाइयों के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से हुई थी. सरकार का दावा है कि बाद में इन प्रदर्शनों को उन "हिंसक प्रदर्शनकारियों" ने हाईजैक कर लिया, जिन्हें विदेशी ताकतों द्वारा प्रशिक्षित और वित्तपोषित किया गया था. 


खामेनेई ने आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने 250 से अधिक मस्जिदों और चिकित्सा केंद्रों को आग के हवाले कर दिया.


खामेनेई ने चेतावनी दी कि ईरान अपनी सीमाओं के बाहर युद्ध को बढ़ावा नहीं देगा, लेकिन देश में अस्थिरता पैदा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा, "हम देश को युद्ध में नहीं झोंकेंगे, लेकिन हम घरेलू या अंतरराष्ट्रीय अपराधियों को दंडित किए बिना नहीं छोड़ेंगे."


इस बीच, ईरान की 'फार्स न्यूज एजेंसी' ने जानकारी दी है कि आठ दिनों के इंटरनेट ब्लैकआउट के बाद देश भर में एसएमएस (SMS) सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से बहाल कर दिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, अब तक करीब 3,000 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP