कोरबा: आंधी-तूफान में डाल गिरने से तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मौसम का बदला मिजाज तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का गम दे गया. पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चोरका दांड गांव में शनिवार की शाम तेज अंधड़ और बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. आंधी-पानी से बचने के लिए एक विशाल पेड़ का सहारा लेना तीन किशोरों के लिए काल बन गया. पेड़ की एक विशालकाय शाखा अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर तीनों की मौके पर ही सांसें थम गईं.
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा था और जिले के कई हिस्सों में रूक-रुक कर अंधड़ के साथ बौछारें पड़ रही थीं. शाम करीब 5 बजे पाली इलाके में मौसम ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया.
इसी दौरान चोरका दांड गांव के रहने वाले तीन जिगरी दोस्त शिवराम टेकाम (14 वर्ष), कमलेश बड़ा (18 वर्ष) और दिनेश तिर्की (17 वर्ष) कहीं से अपने घर लौट रहे थे. मौसम को बिगड़ता देख और खुद को भीगने से बचाने के लिए तीनों रास्ते में स्थित एक बड़े पेड़ के नीचे ठहर गए.
वे अभी वहां खड़े ही थे कि तभी प्रकृति के प्रकोप ने उन्हें संभलने का मौका भी नहीं दिया. तेज हवा के झोंकों के कारण पेड़ की एक भारी-भरकम डाल भरभराकर सीधे उनके ऊपर आ गिरी.
वजन इतना ज्यादा था कि तीनों युवक उसके नीचे बुरी तरह दब गए. मौके पर मौजूद राहगीरों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए भारी मशक्कत के बाद लकड़ी को हटाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और तीनों की धड़कनें बंद हो चुकी थीं.
एक ही गांव के तीन नौजवानों की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पाली थाना प्रभारी नागेश तिवाती अपनी टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग दर्ज कर लिया गया है और परिजनों व चश्मदीदों के बयान दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.