कोरबा: टीएस सिंहदेव ने पेट्रोल-डीजल को GST में लाने की मांग की
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने ईंधन की आसमान छूती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की आर्थिक और विदेश नीतियों पर तीखे सवाल खड़े किए हैं. कोरबा प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया पूरी होते ही आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है.
उन्होंने कहा कि सरकार के पास बाजार नियंत्रण और मूल्य वृद्धि को रोकने के लिए कोई दीर्घकालिक योजना मौजूद नहीं है.
सिंहदेव ने हालिया घटनाक्रमों का हवाला देते हुए कहा कि चुनावों के ठीक बाद अचानक ईंधन के दामों में बढ़ोतरी करना इस बात का संकेत है कि सरकार आम उपभोक्ताओं को राहत देने के प्रति गंभीर नहीं है.
उन्होंने केंद्र की अंतरराष्ट्रीय नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि अमेरिकी प्रभाव में आकर दो प्रमुख तेल उत्पादक देशों से कच्चे तेल का आयात बंद करने का फैसला गलत था. इस निर्णय से न केवल वैश्विक स्तर पर हमारे कूटनीतिक संबंध प्रभावित हुए, बल्कि देश के भीतर भी ईंधन का संकट गहरा गया, जिसकी भरपाई अब जनता की जेब से की जा रही है.
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के उस तर्क को भी खारिज किया जिसमें वैश्विक बाजार की अस्थिरता को जिम्मेदार ठहराया जाता है. उन्होंने कहा कि समय रहते वैकल्पिक ऊर्जा या सुरक्षित प्रबंध न करने की प्रशासनिक नाकामी का हर्जाना आज किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग को भुगतना पड़ रहा है.
डीजल-पेट्रोल महंगा होने से मालभाड़ा बढ़ गया है, जिससे रोजमर्रा की हर जरूरत की वस्तुएं महंगी होती जा रही हैं.
उन्होंने मांग की कि देशव्यापी स्तर पर कीमतों में एकरूपता और पारदर्शिता लाने के लिए पेट्रोलियम पदार्थों को तत्काल वस्तु एवं सेवा कर (GST) के दायरे में शामिल किया जाना चाहिए. इस दौरान पूर्व राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल सहित जिला कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे, जिन्होंने केंद्र की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया.