कोरबा युवा कांग्रेस प्रत्याशी अदनान मेमन को गोली मारने की धमकी
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अदनान मेमन को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला गरमा गया है. लगातार मिल रही धमकियों के बाद अदनान मेमन ने युवा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी है.
उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने और स्वयं के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की गुहार लगाई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस आवेदन को गंभीरता से लेते हुए तुरंत साइबर सेल के माध्यम से तकनीकी जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि इंस्टाग्राम अकाउंट की आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए धमकी देने वाले शख्स को जल्द ही ट्रैक कर लिया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
अदनान मेमन का कहना है कि संगठनात्मक गतिविधियों के चलते उनका अकसर रायपुर दौरा होता रहता है. इसी दौरान उनके इंस्टाग्राम पोस्ट के कमेंट सेक्शन में '4oong.7' नाम के एक अज्ञात हैंडल से 'रायपुर में गोली मार दूंगा' जैसी सीधी चेतावनी दी गई.
पिछले तीन दिनों से लगातार इस तरह के संदेश भेजे जा रहे हैं. चूंकि उस इंस्टाग्राम आईडी पर न तो कोई नाम दर्ज है और न ही कोई फॉलोअर्स हैं, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने या डराने के मकसद से किसी परिचित ने ही यह फर्जी अकाउंट तैयार किया है.