बाबू पर कोटवारों ने लगाया रिश्वत मांगने का आरोप
बस्तर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के नानगुर तहसील में पदस्थ लिपिक सुरेश कुमार देवांगन के खिलाफ कोटवार संघ लामबंद हो गया है. कोटवार संघ ने बाबू पर शराब और मुर्गा के लिए पैसे मांगने का आरोप लगाया है.
गुरुवार को नानगुर ब्लॉक के कोटवार संघ ने प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बाबू पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
कोटवारों का कहना है इससे पहले भी नानगुर तहसीलदार से लेकर एसडीएम को इस संबंध में कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन संबंधित बाबू के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है.
कोटवारों का आरोप है कि बाबू सुरेश कुमार देवांगन राजनीतिक धौंस दिखाते हुए हमेशा कोटवारों को प्रताड़ित करता है.
बाबू नशे में धुत होकर रोज दोपहर में कार्यालय पहुंचता है और कोटवारों से किसी काम के एवज में मुर्गा और शराब की मांग करता है.
कोटवारों ने यह भी आरोप लगाया है कि बाबू जमीन का पट्टा बनाने आने वाले किसानों से भी रिश्वत की मांग करता है.
इससे परेशान कोटवार संघ ने बाबू सुरेश देवांगन पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई
कोटवार संघ के अध्यक्ष तुलाराम कश्यप का कहना है कि बाबू सुरेश देवांगन काम के साथ-साथ हाजरी लगाने के एवज में भी उनसे शराब और मुर्गा की मांग करता है. लंबे समय से बाबू सभी को प्रताड़ित कर रहे हैं.
इससे पहले भी मुख्यमंत्री के नाम नानगुर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया था. लेकिन इसमें कोई विचार नहीं किया गया और ना ही बाबू के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई. जिसके चलते इस बार प्रधानमंत्री के नाम कोटवार संघ ने ज्ञापन सौंपा है.
कोटवारों का यह भी आरोप है कि बाबू सभी कोटवारों को नौकरी से निकाल देने की धमकी भी देता है. अब शिकायत करने की जानकारी मिलने के बाद कोटवारों से दुर्व्यवहार भी कर चुका है.
कोटवार संघ ने मांग के साथ चेतावनी भी दी है कि बाबू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर कोटवार संघ धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे.
फिलहाल इस मामले में अपर कलेक्टर सीपी बघेल ने ज्ञापन लेने के बाद जांच की बात कही है.