लैलूंगा: फोन कॉल और रुपयों की वसूली ने ली भास्कर की जान
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कर्ज या फसल की बर्बादी नहीं बल्कि डिजिटल ब्लैकमेलिंग और भारी मानसिक प्रताड़ना के कारण एक किसान को मौत को गले लगाना पड़ा. लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम केराबहार के रहने वाले किसान भास्कर गुप्ता ने पिछले साल 23 जून 2024 को पंडरी तालाब के पास एक महुआ पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी.
अब करीब दो साल चली लंबी और बारीक पुलिस जांच के बाद इस सुसाइड मिस्ट्री से पर्दा उठ गया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.
जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि एक अनजान मोबाइल नंबर से भास्कर गुप्ता को लगातार डराया-धमकाया जा रहा था और उन पर मोटी रकम देने का मानसिक दबाव बनाया जा रहा था.
इस खौफनाक प्रताड़ना से टूटकर पीड़ित किसान ने आरोपी के खातों में अलग-अलग किश्तों में कुल 89,500 रुपए (12,500 रुपए, 18,500 रुपए और 58,500 रुपए) ट्रांसफर भी कर दिए थे.
इसके बावजूद ब्लैकमेलर का पेट नहीं भरा और उसने 85,500 रुपए की एक और बड़ी मांग रखते हुए धमकी देना जारी रखा. इसी भारी तनाव को भास्कर झेल नहीं पाए और उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया.
परिजनों और ग्रामीणों के बयानों के साथ-साथ जब पुलिस ने बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाले, तब जाकर इस पूरी साजिश का भंडाफोड़ हुआ. पुख्ता तकनीकी साक्ष्य मिलने के बाद लैलूंगा थाना पुलिस ने अब अज्ञात आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (IPC की धारा 306) के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस अब उस मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल सबूतों के सहारे आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रही है और दावा है कि जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगा.