लैंड फॉर जॉब स्कैम: लालू यादव समेत 41 के खिलाफ आरोप तय
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को नौकरी के बदले जमीन (लैंड फॉर जॉब) घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उनके परिवार के सदस्यों और कई अन्य लोगों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए हैं. विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने इस मामले की सुनवाई के दौरान सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि लालू यादव ने रेल मंत्रालय को अपनी 'निजी जागीर' की तरह इस्तेमाल किया.
अदालत के अनुसार, रेलवे में सार्वजनिक रोजगार को एक सौदेबाजी के मोहरे के रूप में इस्तेमाल किया गया ताकि यादव परिवार द्वारा अपने करीबियों और अधिकारियों की मिलीभगत से जमीन के टुकड़ों पर कब्जा किया जा सके.
सीबीआई द्वारा जांचे जा रहे इस मामले में कोर्ट ने कुल 41 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए हैं, जबकि रेलवे अधिकारियों सहित 52 अन्य लोगों को साक्ष्यों के अभाव में आरोपमुक्त कर दिया गया है.
इससे पहले सीबीआई ने अदालत को सूचित किया था कि चार्जशीट में नामजद कुल 103 आरोपियों में से 5 की मृत्यु हो चुकी है.
जांच एजेंसी का आरोप है कि 2004 से 2009 के बीच, जब लालू प्रसाद रेल मंत्री थे, तब भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों में ग्रुप 'D' के पदों पर नियुक्तियां जमीन के बदले की गई थीं.
हालांकि, लालू यादव और उनके परिवार ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है और इसे राजनीति से प्रेरित कार्रवाई करार दिया है.