केरल में वामपंथ का अंतिम किला ध्वस्त
नई दिल्ली । डेस्क: भारत की राजनीति में एक लंबे युग का अंत होता दिखाई दे रहा है. ताज़ा चुनावी नतीजों ने देश के राजनीतिक परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया है. कभी भारतीय राजनीति में 'किंगमेकर' की भूमिका निभाने वाला वामपंथ आज अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है. केरल, जो दशकों से वामपंथी विचारधारा का सबसे मजबूत गढ़ और दुनिया की पहली लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई कम्युनिस्ट सरकार का गवाह रहा है, वहां से भी वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (LDF) की विदाई हो गई है.
राज्य विधानसभा की 140 सीटों में से कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (UDF) ने 98 सीटों पर बढ़त बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, जबकि वामपंथी गठबंधन महज 35 सीटों पर सिमटता नजर आ रहा है. यह हार इसलिए भी बड़ी है क्योंकि 1977 के बाद यह पहला मौका है जब भारत का कोई भी राज्य वामपंथी शासन के अधीन नहीं रहेगा.
वर्ष 2007 का वह समय आज भी राजनीतिक गलियारों में याद किया जाता है जब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार अमेरिका के साथ परमाणु समझौते को लेकर वामपंथी दलों के दबाव में थी. उस समय संसद में 62 सीटों के साथ वामपंथियों का दबदबा इतना था कि वे केंद्र सरकार की दिशा तय करते थे. लेकिन दो दशकों के भीतर यह प्रभाव शून्य की ओर बढ़ चला है.
पश्चिम बंगाल में 34 साल का शासन 2011 में समाप्त हुआ और त्रिपुरा 2018 में हाथ से निकल गया. अब केरल में भी सत्ता गंवाने के साथ ही वामपंथ का संसदीय प्रतिनिधित्व 62 से घटकर महज 8 सीटों पर आ गया है.
केरल में पिनाराई विजयन सरकार ने बुनियादी ढांचे और कल्याणकारी योजनाओं पर काफी काम किया था. विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान उनके मॉडल की वैश्विक स्तर पर सराहना हुई और उन्होंने केरल को 'अत्यधिक गरीबी' से मुक्त राज्य घोषित किया. इसके बावजूद, जनता ने उन्हें नकार दिया.
विश्लेषकों का तर्क है कि पिछले पांच वर्षों में एलडीएफ की कार्यशैली में 'सत्ता का अहंकार' दिखाई देने लगा था, जिसे उनके पारंपरिक मतदाताओं ने भी पसंद नहीं किया. स्थानीय लोगों का मानना है कि वामपंथी नेतृत्व ने अपनी विद्रोही पहचान खोकर खुद को उसी सत्तावादी सांचे में ढाल लिया था जिसके खिलाफ वे कभी लड़ते थे.
हालांकि, इस हार के बावजूद जानकारों का एक वर्ग मानता है कि भारत में वामपंथ की प्रासंगिकता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. बढ़ती आर्थिक असमानता, बेरोजगारी और कॉर्पोरेट-केंद्रित नीतियों के दौर में एक मजबूत विपक्षी आवाज के रूप में वामपंथ की जरूरत बनी रहेगी.
फिलहाल, केरल के इन नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारतीय मतदाता अब केवल इतिहास और विचारधारा के नाम पर वोट देने को तैयार नहीं है.