शराब घोटालाः चैतन्य बघेल को कोर्ट से नहीं मिली राहत
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को फिर कोर्ट से राहत नहीं मिली. शनिवार को रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने उन्हें फिर 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. अब 6 सितंबर तक चैतन्य जेल में ही रहेंगे.
दरअसल, ईडी की 5 दिन की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने पर चैतन्य बघेल को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया. इस बार ईडी ने कस्टोडियल रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की.
इस दौरान ईडी के वकील ने अदालत को बताया कि एजेंसी ने जांच के लिए अपने दो दिन सुरक्षित रखे हैं, ताकि आगे पूछताछ की आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके.
इस पर अदालत ने कहा कि ईडी को यदि जरूरत पड़ी तो वह नई अर्जी दायर कर सकती है. इसके बाद कोर्ट ने चैतन्य को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अब अगली सुनवाई 6 सितंबर को होगी.
इधर आज चैतन्य से मिलने के लिए उनकी पत्नी और बहन सुभाष स्टेडियम स्थित ईडी कार्यालय पहुंची थीं. जहां करीब आधे घंटे तक मुलाकात की.
इससे पहले चैतन्य की न्यायिक रिमांड खत्म होने पर 19 अगस्त को उन्हें रायपुर कोर्ट में पेश किया गया था. ईडी ने कोर्ट में आवेदन लगाकर 5 दिन की कस्टोडियल रिमांड मांगी थी.
ईडी ने अदालत में दलील दी थी कि जांच के दौरान नए तथ्य सामने आए हैं और चैतन्य बघेल से पूछताछ जरूरी है. जिसे कोर्ट ने मंजूर कर चैतन्य को रिमांड पर भेज दिया था.
इसके एक दिन पहले ही 18 अगस्त को चैतन्य की 14 दिन की न्यायिक रिमांड पूरी होने पर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था. उस दौरान अदालत ने उन्हें एक दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था.