शराब घोटालाः चैतन्य बघेल की रिमांड 15 सितंबर तक बढ़ी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को एक बार फिर झटका लगा है. कोर्ट ने चैतन्य बघेल की रिमांड अवधि 15 सितंबर तक बढ़ा दी है. अब 15 सितंबर को ईडी चैतन्य के खिलाफ चालान पेश कर सकती है.
राजधानी रायपुर के स्पेशल कोर्ट में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चैतन्य बघेल की पेशी हुई. पीएमएलए कोर्ट ने आज फिर उनकी न्यायिक हिरासत 10 दिन बढ़ा दी.
चैतन्य बघेल को ईडी ने पिछले 18 जुलाई को उनके जन्मदिन के दिन भिलाई स्थित निवास से गिरफ्तार किया था. जिसके बाद वह जेल में बंद हैं.
ईडी के अनुसार, चैतन्य बघेल को शराब घोटाले से संबंधित 16.70 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे. जांच एजेंसी का आरोप है कि शराब घोटाले से प्राप्त काले धन को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में निवेश कर सफेद दिखाया गया.
इस प्रक्रिया में फर्जी निवेश दिखाते हुए करीब 1000 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई.
इससे पहले 25 अगस्त को हाई कोर्ट ने चैतन्य बघेल की जमानत याचिका को खारिज कर दिया था.
कोर्ट ने चैतन्य बघेल को यह छूट दी थी कि वे चाहें तो अपने निजी मामलों से संबंधित नई याचिका दाखिल कर सकते हैं.
मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा की अगुवाई वाली डिवीजन बेंच ने स्पष्ट किया कि अदालत केवल उन्हीं मामलों पर विचार करेगी जो याचिकाकर्ता के निजी कानूनी अधिकारों से जुड़े हों.
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में पूर्व आबकारी मंत्री और वर्तमान में कोंटा के विधायक कवासी लखमा जेल में बंद हैं.
ईडी ने अपनी जांच में पाया है कि रायपुर के पूर्व मेयर ऐजाज ढेबर के भाई कारोबारी अनवर ढेबर, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अनिल टूटेजा और आबकारी विभाग के पूर्व एमडी एपी त्रिपाठी ने सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिया है.