लॉस एंजिल्स: विश्वकप से मेक्सिको के बाहर होते ही गोलीबारी, 4 घायल
लॉस एंजिल्स । डेस्क: रविवार रात फुटबॉल विश्वकप में इंग्लैंड के हाथों मिली हार के बाद मेक्सिको का सफर खत्म हो गया. इस हार के बाद अमेरिका के लॉस एंजिल्स शहर में माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. शहर के पूर्वी इलाके में हुई एक हिंसक घटना में चार लोगों को गोली मार दी गई, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इस घटना ने एक बार फिर विश्वकप के दौरान प्रशंसकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जानकारी के मुताबिक, पूर्वी लॉस एंजिल्स की एक सड़क पर बड़ी संख्या में फैंस मुकाबला देखने के लिए जुटे थे. वहीं, पास के ही एक बार में भी भारी भीड़ थी, जहां इंग्लैंड और मेक्सिको दोनों देशों के समर्थक मौजूद थे.
लॉस एंजिल्स में मेक्सिकन मूल के लोगों की बड़ी आबादी है, इसलिए वहां मेक्सिको के प्रशंसकों की तादाद काफी ज्यादा थी.
मैच खत्म होने के तुरंत बाद अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई. स्थानीय पुलिस ने बताया कि उन्हें चार अलग-अलग जगहों से घायल अवस्था में लोग मिले हैं.
हालांकि, अभी तक घायलों के नाम और पहचान का खुलासा नहीं किया गया है. पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि ये चारों लोग एक ही कड़वी वारदात का शिकार हुए हैं. फिलहाल हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
स्थानीय समय के अनुसार यह वारदात रात करीब 10 बजे व्हिटियर बुलेवार्ड पर हुई. गोलीबारी की सूचना मिलते ही आपातकालीन सुरक्षा बल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया.
घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, घायल हुए लोग भी अभी यह बताने की स्थिति में नहीं हैं कि उन पर गोली किसने और क्यों चलाई.
वहीं, कुछ अपुष्ट खबरों के अनुसार मेक्सिको सिटी में भी एक बार के बाहर दो लोगों को गोली मारे जाने की खबर है. इससे पहले जब मेक्सिको की टीम प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी, तब सड़कों पर जश्न मनाने के दौरान हुई दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई थी. इस नए घटनाक्रम के बाद प्रशासन की सुरक्षा तैयारियों पर उंगलियां उठने लगी हैं कि पिछली घटनाओं से कोई सबक क्यों नहीं लिया गया.