जेल में पनपा प्यार, शादी के बंधन में बंधे दो उम्रकैद के कैदी !
अलवर । डेस्क: राजस्थान के अलवर जिले में शुक्रवार दो उम्रकैद की सजा काट रहे दोषियों की शादी हुई. राजस्थान हाईकोर्ट ने दोनों को 15 दिनों की आपात पैरोल पर रिहा करने की अनुमति दी है, ताकि वे विवाह कर सकें.
दुल्हन प्रिया सेठ पेशे से मॉडल रह चुकी हैं और 2018 के एक अपहरण और हत्या मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रही हैं. पुलिस जांच के अनुसार, प्रिया ने अपने प्रेमी का कर्ज चुकाने के लिए डेटिंग ऐप के जरिए युवक दुष्यंत शर्मा से संपर्क किया था.
बाद में उसे एक फ्लैट में बुलाकर बंधक बनाया गया और उसके पिता से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई. पिता ने तीन लाख रुपये दिए, लेकिन पुलिस को सूचना देने की आशंका के चलते दुष्यंत की हत्या कर दी गई. शव को सूटकेस में भरकर आम के बाग में फेंक दिया गया था. बाद में पुलिस ने प्रिया और उसके साथियों को गिरफ्तार किया.
दूल्हा हनुमान प्रसाद अलवर के एक कुख्यात हत्याकांड में दोषी है और उम्रकैद की सजा काट रहा है. वर्ष 2017 में उसने अपनी प्रेमिका संतोष के साथ मिलकर उसके पति बनवारी लाल की हत्या की थी.
इस घटना के गवाह बने संतोष के तीन बच्चों और एक भतीजे को भी पकड़ में आने के डर से बेरहमी से मार डाला गया. इस जघन्य अपराध के लिए हनुमान प्रसाद को दोषी ठहराया गया था.
जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले जेल में रहते हुए ही प्रिया और हनुमान प्रसाद के बीच जान-पहचान हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. दोनों ने विवाह की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया, जिस पर हाईकोर्ट ने सीमित अवधि की पैरोल मंजूर की.
अलवर के बरोदामेव क्षेत्र में शुक्रवार दोनों का विवाह संपन्न हुआ.