महादेव सट्टा ऐप: कारोबारी विकास गर्ग 14 दिनों की रिमांड पर
रायपुर । संवाददाता: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हालिया कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ का राजनीतिक तापमान एक बार फिर बढ़ गया है. जांच एजेंसी ने इस नेटवर्क से जुड़े इबिक्सकैश (EbixCash) के चेयरमैन विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया, जहां ईडी ने उनकी 14 दिनों की रिमांड मांगी है.
जांच एजेंसी का आरोप है कि महादेव ऐप के जरिए कमाए गए काले धन को अलग-अलग कंपनियों के माध्यम से निवेश कर वैध बनाने का प्रयास किया जा रहा था.
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर केंद्र सरकार और भाजपा को सीधे निशाने पर लिया है. उन्होंने गिरफ्तार कारोबारी विकास गर्ग की राजनीतिक पृष्ठभूमि पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि गर्ग भाजपा दिल्ली के आर्थिक प्रकोष्ठ के चेयरमैन हैं और पूर्व भाजपा विधायक नंद किशोर गर्ग के बेटे हैं, लेकिन जांच एजेंसियां उनकी इस पहचान को सामने नहीं ला रही हैं.
पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन और 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त होने के बावजूद इस पूरे नेटवर्क को भाजपा के शीर्ष नेताओं का संरक्षण हासिल था.
भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर सवाल दागते हुए पूछा कि आखिर महादेव ऐप पर अब तक पूरी तरह से पाबंदी क्यों नहीं लगाई गई है और सोशल मीडिया पर इसके विज्ञापन धड़ल्ले से कैसे चल रहे हैं?
उन्होंने कुछ रसूखदार अधिकारियों के नामों का जिक्र करते हुए यह भी सवाल उठाया कि ईडी उन तक क्यों नहीं पहुंच रही है और विदेश में बैठे ऐप के मुख्य संचालकों को अब तक भारत क्यों नहीं लाया जा सका है.
अपने कार्यकाल का बचाव करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महादेव ऐप के खिलाफ सबसे पहली और सख्त कार्रवाई छत्तीसगढ़ की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने ही शुरू की थी. उनके मुताबिक, उस दौरान इस मामले में 72 एफआईआर दर्ज की गईं, 400 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा गया, हजारों बैंक खातों को फ्रीज किया गया और ऐप को गूगल प्ले स्टोर से हटाने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने के लिए केंद्र को पत्र भी लिखा गया था.
हालांकि, पूर्व सीएम ने अपने इन ताजा राजनीतिक आरोपों के समर्थन में फिलहाल कोई दस्तावेज या साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किए हैं, जबकि मामले की जांच अभी जारी है.