महानदी विवाद: ओडिशा-छत्तीसगढ़ में 3 महीने में सुलह के आसार
नई दिल्ली । डेस्क: महानदी जल बंटवारे को लेकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच वर्षों से चला आ रहा विवाद जल्द सुलझ सकता है. नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में दोनों राज्यों ने अगले तीन महीनों, यानी दीपावली से पहले, इस मुद्दे को आपसी सहमति से सुलझाने के लिए तकनीकी वार्ता को तेज करने का फैसला किया है.
इस बैठक में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए. बैठक के बाद मुख्यमंत्री माझी ने बताया कि ओडिशा ने राज्य के किसानों के हितों, नागरिकों के अधिकारों और जल संसाधनों की सुरक्षा को मजबूती से रखा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि रचनात्मक संवाद और सहयोग से एक टिकाऊ और न्यायसंगत समाधान निकल जाएगा.
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने महानदी को दोनों राज्यों की जीवन रेखा बताते हुए कहा कि आपसी विश्वास और तकनीकी सहयोग ही इस समस्या के समाधान का सबसे सही रास्ता है.
बैठक के दौरान केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अध्यक्ष के नेतृत्व वाली विस्तारित तकनीकी समिति की प्रगति की समीक्षा भी की गई. गौरतलब है कि दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच इस संवेदनशील मुद्दे को लेकर यह तीसरी महत्वपूर्ण मुलाकात थी, जिससे विवाद के जल्द खत्म होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं.