महानदी जल विवाद: ओडिशा-छत्तीसगढ़ की ट्रिब्यूनल में सुनवाई
भुवनेश्वर । डेस्क: महानदी जल विवाद को लेकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच चल रही तनातनी अब महानदी जल विवाद ट्रिब्यूनल के समक्ष शनिवार को सुनवाई के लिये तैयार है. यह सुनवाई दोनों राज्यों के बीच हाल ही में मुख्यमंत्री स्तर पर हुई अनौपचारिक चर्चाओं के बाद हो रही है.
सूत्रों के अनुसार, दोनों राज्यों के राजनीतिक और प्रशासनिक नेतृत्व ने पिछले कुछ हफ्तों में आपसी समझ और सहमति के आधार पर इस लंबे समय से चले आ रहे जल-बंटवारे के विवाद को सुलझाने की संभावनाओं पर चर्चा की है.
पिछली सुनवाई के दौरान, ओडिशा के महाधिवक्ता, पितांबर आचार्य ने ट्रिब्यूनल को सूचित किया था कि मुख्य सचिवों और राजनीतिक प्रतिनिधियों सहित विभिन्न स्तरों पर बातचीत चल रही है, ताकि अदालत के बाहर एक सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जा सके. ट्रिब्यूनल ने दोनों पक्षों को अगस्त तक इस मुद्दे पर प्रगति की जानकारी देने का निर्देश दिया था, जिसके आधार पर शनिवार की सुनवाई निर्धारित की गई है.
शुक्रवार को भुवनेश्वर में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें महानदी जल विवाद के समाधान पर चर्चा हुई. इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुये. बैठक में पांच प्रमुख प्रस्ताव पारित किये गये, जिनमें भारत के राष्ट्रपति से मिलकर इस विवाद के समाधान के लिये हस्तक्षेप की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया.
इसके अलावा, प्रधानमंत्री से दोनों राज्यों के बीच मध्यस्थता करने और समाधान तक पहुंचने का आग्रह करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया.
महानदी बचाओ आंदोलन के संयोजक सुर्दशन दास ने कहा, “यदि दोनों राज्य सरकारें केवल आपस में चर्चा करेंगी तो यह मुद्दा हल नहीं होगा. राज्य सरकार को छत्तीसगढ़ के साथ किसी भी चर्चा से पहले राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और विशेषज्ञों की सलाह लेनी चाहिये.”
उल्लेखनीय है कि इस विवाद को सुलझाने के लिए 2018 में ट्रिब्यूनल का गठन किया गया था, लेकिन अभी तक कोई उल्लेखनीय प्रगति नहीं हुई है.
पिछले दिसंबर में ट्रिब्यूनल के नये अध्यक्ष की नियुक्ति की गई, और 17 जुलाई को पहली सुनवाई हुई थी. आज होने वाली दूसरी सुनवाई यह निर्धारित करने में महत्वपूर्ण होगी कि क्या यह मामला समाधान की ओर बढ़ सकता है या फिर आगे कानूनी प्रक्रिया की आवश्यकता होगी.
महानदी जल विवाद
महानदी जल विवाद छत्तीसगढ़ और ओडिशा राज्यों के बीच महानदी नदी के जल के बंटवारे को लेकर है. ओडिशा का आरोप है कि छत्तीसगढ़, नदी के ऊपरी हिस्से में बांध और बैराज बनाकर पानी रोक रहा है, जिससे ओडिशा में पानी की कमी हो रही है.
वहीं, छत्तीसगढ़ का कहना है कि वह अपने क्षेत्र में ही जल भंडारण कर रहा है और उसे ऐसा करने का अधिकार है. महानदी पर बना हीराकुंड बांध, ओडिशा में स्थित है. ओडिशा सरकार का कहना है कि छत्तीसगढ़ द्वारा पानी रोकने से हीराकुंड बांध में पानी का स्तर कम हो रहा है.
इस विवाद को सुलझाने के लिए, केंद्र सरकार ने 2018 में एक न्यायाधिकरण का गठन किया था.