सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

महासमुंद हत्याकांड: रायपुर का पार्षद समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

29 मई 2026, 02:12 PM 2 मिनट में पढ़ें 11

गिरफ्तार
गिरफ्तार

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने एक युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए रायपुर के एक निर्दलीय पार्षद समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने मामूली विवाद में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए उसके शव को महानदी के किनारे दुर्गम स्थान पर दफना दिया था. 


गुरुवार को पुलिस ने मजिस्ट्रेट और परिजनों की मौजूदगी में शव को जमीन से बाहर निकाला.

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान भुवनेश्वर यादव के रूप में हुई है, जो 22 मई से लापता था. उसकी पत्नी ईश्वरी यादव ने 23 मई को मंदिर हसौद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जांच के दौरान जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आखिरी बार भुवनेश्वर के साथ देखे गए लोगों से कड़ाई से पूछताछ की, तो पूरे मामले का भंडाफोड़ हुआ.


पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. मुख्य आरोपी नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे, जो रायपुर जिले के मंदिर हसौद क्षेत्र का निर्दलीय पार्षद है, ने अपने दो दोस्तों अमित राजपूत और हेमचंद बंजारे उर्फ सोनू बंजारे के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. 


वारदात के वक्त सभी आरोपी और पीड़ित शराब के नशे में थे. रास्ते में एक रेलवे क्रॉसिंग के पास बहस के दौरान भुवनेश्वर ने पार्षद को थप्पड़ मार दिया, जिससे नाराज होकर तीनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. 


इसके बाद पार्षद के मामा श्रवण जांगड़े की मदद से शव को महासमुंद के नंदगांव के पास नदी किनारे दफना दिया गया था. पुलिस ने महासमुंद थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज कर सभी चार आरोपियों को जेल भेज दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP