HC में ममता बनर्जी ने चुनाव बाद हुई हिंसा पर खुद की पैरवी
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला, जब प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की कद्दावर नेता ममता बनर्जी एक वकील के काले कोट और गाउन में कलकत्ता उच्च न्यायालय की दहलीज पर उतरीं. ममता बनर्जी राज्य में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ हुई कथित 'सुनियोजित हिंसा' के मामले में खुद पैरवी करने पहुंची थीं.
न्यायालय के गलियारों में उस समय हलचल तेज हो गई जब ममता बनर्जी, वरिष्ठ पार्टी नेताओं चंद्रिमा भट्टाचार्य और कल्याण बनर्जी के साथ कोर्ट परिसर में दाखिल हुईं.
यह मामला अधिवक्ता शीर्षान्या बंद्योपाध्याय द्वारा टीएमसी की ओर से दायर एक जनहित याचिका से जुड़ा है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि चुनाव परिणामों के बाद विपक्षी दलों द्वारा टीएमसी कार्यालयों को निशाना बनाया गया और कार्यकर्ताओं पर हमले किए गए, जिसके कारण कई नेताओं को अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर भागना पड़ा.
मुख्य न्यायाधीश सुजय पॉल और न्यायमूर्ति पार्थसारथी सेन की खंडपीठ के समक्ष इस मामले की सुनवाई हुई. अदालत में अपनी बात रखते हुए ममता बनर्जी ने संवैधानिक मूल्यों और न्याय की रक्षा की दुहाई दी.
तृणमूल कांग्रेस ने इस घटनाक्रम को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे ममता बनर्जी की "अदम्य साहस और प्रतिबद्धता" का प्रतीक बताया. पार्टी ने अपने बयान में कहा कि अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मुसीबत में अकेला न छोड़ना ही ममता बनर्जी को अन्य नेताओं से अलग करता है.
फिलहाल कोर्ट इस मामले के विभिन्न पहलुओं पर विचार कर रहा है, जिससे राज्य की सियासत एक बार फिर गरमा गई है.