छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना में 13 की मौत
रायपुर | संवाददाता: रायपुर ज़िले के बंगोली में एक सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई. मरने वाले रायपुर के विधानसभा से लगे हुए चटौद,मोहंदी, आनंदगांव, मनहोरा, बेरला और नगपुरा गांव के रहने वाले थे.
पुलिस के अनुसार रविवार को खरोरा थाना के बाना गांव में एक बच्चे का छठी का कार्यक्रम था. उस कार्यक्रम से लौटते समय चटौद गांव के लोगों की माजदा, एक ट्रेलर से टकरा गई.
बंगोली गांव के पास हुई यह दुर्घटना इतनी भयानक थी कि लोगों को समझने-संभलने का अवसर ही नहीं मिला और 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. कई लोगों के शव क्षत-विक्षत हो गए थे. कुछ शव बीच से कट गए थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रुप से घायल लोगों को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में भर्ती कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.
मृतकों के नाम इस प्रकार हैं-
एकलव्य साहू, ग्राम मोहंदी
कुमारी भूमि साहू, ग्राम आनंदगांव
उमंग साहू
गीता साहू, ग्राम मोहंदी
प्रभा साहू, ग्राम मोहंदी
नंदनी साहू, ग्राम मोहंदी
टिकेश्वरी साहू, ग्राम चटोद
कृति साहू, ग्राम चटोद
टिकेश्वरी साहू, ग्राम मनहोरा
कुंती साहू, ग्राम चटोद
महिमा साहू , गोंडवारा खमतराई
वर्षा साहू, बेरला
राजबती साहू, नगपुरा मंदिर हसौद
विधायक और प्रशासनिक अफसर पहुंचे अस्पताल
दुर्घटना की ख़बर मिलते ही विधायक अनुज शर्मा और गुरु खुशवंत साहेब के अलावा कलेक्टर गौरव सिंह मेकाहारा अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की और उचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए.
इधर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी मृतकों के प्रति शोक जताया है.