इतिहास में मारियो माचाडो का नाम दर्ज रहेगा- नोबेल समिति
नई दिल्ली । डेस्क: 2025 के नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई बहस छिड़ गई है. वैसे भी ट्रंप के अपना नोबेल शांति पुरस्कार देकर मचाडो ने इतना नाम कमा लिया है जितना उन्हें नोबेल पुरस्कार मिलने पर नहीं हुआ था. यदि किसी से पूछा जाए कि भौतिकी में नोबेल पुरस्कार किसे मिला है तो ज्यादातर लोग इसका जवाब नहीं दें पाएंगे, लेकिन नोबेल शांति पुरस्कार किसे मिला है पूछने पर ज्यादातर लोग मचाडो का नाम ले लेंगे.
वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना माचाडो द्वारा अपना नोबेल शांति पुरस्कार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को स्वेच्छा से सौंपे जाने और ट्रंप द्वारा उसे स्वीकार किए जाने के बाद यह सवाल उठने लगे कि क्या कोई नोबेल विजेता अपना पुरस्कार किसी और को दे सकता है, और क्या ऐसा करने से पुरस्कार विजेता का नाम बदल जाता है.
व्हाइट हाउस के सूत्रों के हवाले से समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि ट्रंप इस पुरस्कार को अपने पास ही रखने के इच्छुक हैं. इस पूरे घटनाक्रम के 24 घंटे के भीतर नॉर्वे की नोबेल समिति ने एक स्पष्ट बयान जारी कर सभी सवालों का जवाब दिया.
नोबेल समिति के अनुसार, 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार आधिकारिक रूप से मारिया कोरिना माचाडो को ही प्रदान किया गया है और इतिहास में विजेता के रूप में उन्हीं का नाम दर्ज रहेगा.
समिति ने कहा कि पदक, डिप्लोमा या पुरस्कार राशि जो भी हो उसका स्वामित्व पुरस्कार प्राप्त करने वाले व्यक्ति का होता है. वह चाहे तो उसे अपने पास रखे, किसी को दे दे, बेच दे या किसी उद्देश्य के लिए दान कर दे.
हालांकि, पुरस्कार की प्रतिष्ठा, सम्मान और आधिकारिक मान्यता केवल उसी व्यक्ति को मिलती है, जिसे नोबेल समिति ने विजेता के रूप में चुना है.
गौरतलब है कि पुरस्कार की घोषणा से पहले ही डोनाल्ड ट्रंप लगातार यह दावा कर रहे थे कि नोबेल शांति पुरस्कार के असली हकदार वही हैं. उन्होंने तर्क दिया था कि पिछले कुछ महीनों में उन्होंने दुनिया भर में आठ युद्ध रुकवाए हैं. इसके बावजूद नोबेल समिति ने उन्हें यह सम्मान नहीं दिया और विजेता के रूप में माचाडो का नाम घोषित किया गया.
इसके बाद माचाडो ने यह पुरस्कार ट्रंप को समर्पित करने का फैसला किया. 3 जनवरी को अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क ले जाया. इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए माचाडो व्हाइट हाउस पहुंचीं और उन्होंने अपना नोबेल शांति पुरस्कार ट्रंप के हाथों सौंप दिया.
नोबेल शांति पुरस्कार के तहत माचाडो को न केवल एक पदक और डिप्लोमा मिला है, बल्कि पुरस्कार राशि के रूप में 11 लाख 90 हजार अमेरिकी डॉलर भी दिए गए हैं, जिसकी भारतीय मुद्रा में कीमत लगभग 10 करोड़ 80 लाख रुपये है.
इस पर भी सवाल उठा कि क्या यह पूरी राशि और सम्मान अब ट्रंप को मिलेगा. नोबेल समिति ने साफ किया कि इन वस्तुओं का उपयोग या हस्तांतरण विजेता की निजी इच्छा पर निर्भर करता है, लेकिन आधिकारिक विजेता का दर्जा नहीं बदलता.
अपने बयान में नोबेल समिति ने न तो ट्रंप का नाम लिया और न ही माचाडो का, लेकिन यह स्पष्ट किया कि यह पहली बार नहीं है जब किसी नोबेल विजेता ने अपने पुरस्कार का उपयोग इस तरह किया हो.
इससे पहले 2022 में रूसी पत्रकार दिमित्री मुरातोव ने अपना नोबेल शांति पुरस्कार पदक 10 करोड़ डॉलर में नीलाम कर दिया था और उस पूरी राशि को यूक्रेन के शरणार्थी बच्चों की मदद के लिए संयुक्त राष्ट्र की बाल कल्याण एजेंसी को दान कर दिया था.
इस तरह नोबेल समिति के बयान के बाद यह साफ हो गया है कि चाहे पुरस्कार किसी को भी सौंपा जाए, इतिहास में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता के रूप में मारिया कोरिना माचाडो का नाम ही दर्ज रहेगा.