छत्तीसगढ़ में 'डायल 112' का महाविस्तार: अमित शाह ने हरी झंडी दिखाई
रायपुर । संवाददाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को रायपुर के माना कैंप स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल मैदान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ की आपातकालीन सेवा 'सीजी डायल 112' के बेड़े में 400 नए आपातकालीन वाहनों को शामिल किया. इसके साथ ही राज्य के सभी 33 जिलों के लिए एक-एक मोबाइल फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला वैन का भी शुभारंभ किया गया.
इन आधुनिक फोरेंसिक वैनों में डिजिटल साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और रक्त के नमूने जुटाने के लिए अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कलेक्शन किट मौजूद रहेंगे, जिससे आपराधिक मामलों की जांच में तेजी आएगी.
इस नई शुरुआत से अब 'सीजी डायल 112' सेवा का दायरा प्रदेश के 16 जिलों से बढ़कर सभी 33 जिलों में हो गया है. तकनीक पर आधारित इस नेक्स्ट-जेनरेशन सिस्टम के जरिए पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन और हाईवे सुरक्षा जैसी तमाम आपातकालीन सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर एकीकृत कर दिया गया है.
अत्याधुनिक कमांड सेंटर, जीपीएस ट्रैकिंग, जीआईएस रियल-टाइम मॉनिटरिंग और ऑटोमैटिक कॉलर लोकेशन जैसे फीचर्स से लैस यह एडवांस सिस्टम राज्य में अपराध नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित मदद, स्वास्थ्य सेवाओं और विशेषकर महिला एवं बाल सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मील का पत्थर साबित होगा.
इस गरिमामयी अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह भी उपस्थित रहे.