ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर बाजार में भीषण आग, कई दुकानें जलकर खाक
ग्रेटर नोएडा । डेस्क: ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी इलाके में शुक्रवार रात एक फर्नीचर बाजार में भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते इसने आस-पास की छह से सात दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम 10 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया.
गनीमत यह रही कि देर रात तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है.
बिसरख थाना प्रभारी (SHO) मनोज कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:20 बजे शाहबेरी इलाके में स्थित एक फर्नीचर दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी. आपातकालीन हेल्पलाइन 112 के जरिए मिली इस जानकारी के बाद तुरंत फायर कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं.
फर्नीचर की दुकानों में लकड़ी, फोम और पॉलिश केमिकल जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग बहुत तेजी से फैली.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में पूरे इलाके को काले धुएं और ऊंची लपटों से घिरा हुआ देखा जा सकता है. ऐतिहातन पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और राहगीरों को इस रास्ते से बचने की सलाह दी है.
अधिकारियों के मुताबिक, देर रात तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी रहे. आग लगने के सटीक कारणों का पता इसे पूरी तरह बुझाने के बाद ही चल सकेगा. गौरतलब है कि गौतमबुद्ध नगर में इस साल आग लगने की घटनाओं में तेजी देखी गई है, जहां अप्रैल महीने तक ही कुल 150 आग के मामले दर्ज किए जा चुके हैं.