जशपुर के जंगलों में भड़की भीषण आग: बादलखोल अभ्यारण्य चपेट में
जशपुरनगर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ ही वनों में आग लगने का सिलसिला तेजी से गहराता जा रहा है. गुरुवार दोपहर तकरीबन 3 बजे जशपुर वन मंडल के अंतर्गत आने वाले जबला के जंगलों से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
अभी वन विभाग इस पर काबू पाने की कोशिश ही कर रहा था कि इसी दौरान जैव विविधता से समृद्ध बादलखोल अभ्यारण्य क्षेत्र के तीन अलग-अलग हिस्सों से भी वनाग्नि की खबरें सामने आ गईं.
शुरुआती अनुमानों और परिस्थितियों को देखते हुए वन अधिकारियों को अंदेशा है कि यह प्राकृतिक हादसा नहीं, बल्कि कुछ उपद्रवी और शरारती तत्वों की करतूत हो सकती है, जिन्होंने जानबूझकर सूखी पत्तियों में आग लगाई है.
बढ़ते पारे और तेज हवाओं के कारण यह आग तेजी से फैल रही है, जो बेशकीमती वन संपदा, औषधीय पौधों और वन्यजीवों के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है.
बता दें कि चालू सीजन में अकेले बादलखोल अभ्यारण्य के अलग-अलग बीट क्षेत्रों में अब तक करीब 120 बार आगजनी की छोटी-बड़ी घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं, जो पर्यावरण और प्रशासन दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है.