नियानार धान संग्रहण केंद्र में लाखों क्विंटल धान सड़ा
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित नियानार धान संग्रहण केंद्र में करोड़ों रुपये के धान के सड़ने का मामला अब गंभीर राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है. सीजी खबर द्वारा धान के रखरखाव में भारी लापरवाही को उजागर किए जाने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सोमवार को बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ नियानार संग्रहण केंद्र पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि रखरखाव की घोर अनदेखी के कारण संग्रहण केंद्र में रखा लाखों क्विंटल धान सड़ चुका है. बारदाना, तालपतरी और पॉलिथीन शीट भी पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं.
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने जिला प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जिले के कई धान संग्रहण केंद्रों में करीब एक साल से धान खुले में पड़ा है, लेकिन अब तक उसका उठाव नहीं किया जा सका, जिसका नतीजा यह हुआ कि हजारों क्विंटल धान खराब होकर काला पड़ गया.
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि धान को बारिश और नमी से बचाने के लिए बिछाई गई पॉलिथीन शीट घटिया गुणवत्ता की थी, जिससे धान पूरी तरह खराब हो गया. उन्होंने दावा किया कि नियानार संग्रहण केंद्र में करीब 1 लाख 46 हजार क्विंटल धान सड़ने के लिए छोड़ दिया गया.
उनके मुताबिक धान खरीदी, परिवहन और संग्रहण तक की पूरी प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है और इसी को छुपाने के लिए जानबूझकर धान को भिगोकर बाद में काली पॉलिथीन से ढक दिया गया.
पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि करीब दो किलोमीटर के दायरे में फैले इस संग्रहण केंद्र में खुले आसमान के नीचे लगभग 1000 करोड़ रुपये मूल्य का धान रखा गया था, लेकिन उसकी सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए. अब सड़ा हुआ धान बदबू फैलाते हुए सरकारी नुकसान की कहानी खुद बयां कर रहा है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व जिला अध्यक्ष उमाशंकर शुक्ल के संयोजकत्व में 14 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है. जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य और ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने बताया कि यह समिति धान खरीदी केंद्रों और संग्रहण केंद्रों की वास्तविक स्थिति, धान खराब होने के कारणों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच करेगी.
समिति में जिला, ब्लॉक, महिला, युवा और किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है.
उधर जिला विपणन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार नियानार संग्रहण केंद्र में अभी भी 15 हजार 129 मीट्रिक टन धान का उठाव शेष है, जबकि पूरे जिले में कुल 27 हजार 307 मीट्रिक टन धान का उठाव बाकी है.
पुराने धान के उठाव की अंतिम समय-सीमा 31 जनवरी 2026 तय की गई है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इतनी कम अवधि में लाखों क्विंटल धान का उठाव होना मुश्किल माना जा रहा है. वहीं कई मिलर्स ने डिलीवरी ऑर्डर देर से जारी होने का आरोप लगाते हुए धान उठाव से इनकार भी किया है.