US में सबसे ज्यादा ड्रग्स मेक्सिको-कोलंबिया से, फिर वेनेजुएला पर हमला क्यों?
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा वेनेजुएला पर अमेरिका में ड्रग तस्करी कराने के आरोपों पर अब खुद अमेरिका की सरकारी रिपोर्टें सवाल खड़े कर रही हैं. अमेरिका में मादक पदार्थों के उपयोग और उससे जुड़ी स्वास्थ्य स्थिति पर आधारित यूएस नेशनल सर्वे ऑन ड्रग यूज़ एंड हेल्थ (2024) के मुताबिक, अमेरिका में अवैध ड्रग्स की सबसे बड़ी आपूर्ति मेक्सिको और कोलंबिया से होती है, जबकि वेनेजुएला इस सूची में प्रमुख स्रोत के रूप में शामिल ही नहीं है.
रिपोर्ट बताती है कि अमेरिका में करीब 2 करोड़ 77 लाख लोग मारिजुआना के अलावा अन्य अवैध मादक पदार्थों का सेवन करते हैं. ‘वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू’ के अनुसार, अवैध ड्रग्स का सेवन करने वाले लोगों की संख्या के मामले में अमेरिका दुनिया में सबसे आगे है. अमेरिकी उपभोक्ताओं के बीच मारिजुआना और गांजा के अलावा एमडीएमए, एलएसडी और कोकीन जैसे नशीले पदार्थों का व्यापक चलन है.
अमेरिकी रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला से अमेरिका में बड़े पैमाने पर ड्रग तस्करी के कोई ठोस प्रमाण नहीं मिलते. सीमित मात्रा में कोकीन वेनेजुएला से समुद्री रास्ते पश्चिमी यूरोप तक जाती है, लेकिन अमेरिका में ड्रग्स की सबसे बड़ी खेप अमेरिका–मेक्सिको सीमा के जरिए पहुंचती है. तस्कर इसके लिए समुद्री मार्ग, भूमिगत सुरंगों और कभी-कभी भ्रष्ट एजेंटों तक का इस्तेमाल करते हैं.
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में दुनिया भर में 3,708 मीट्रिक टन कोकीन का उत्पादन हुआ, जिसमें से लगभग 2,600 मीट्रिक टन कोलंबिया में तैयार किया गया. कोलंबिया में करीब 2.53 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में कोका की खेती होती है, जो कोकीन बनाने का मुख्य कच्चा माल है.
इस कारोबार से जुड़े कई संगठित आपराधिक गिरोह भी वहां सक्रिय हैं. अमेरिकी रिपोर्ट यह जरूर मानती है कि कोलंबिया से निकले कुछ ड्रग्स वेनेजुएला के रास्ते आगे बढ़ सकते हैं, लेकिन इसे आधार बनाकर वेनेजुएला सरकार पर अमेरिका में ड्रग तस्करी कराने का आरोप साबित नहीं होता.
इसके बावजूद ट्रम्प प्रशासन लंबे समय से वेनेजुएला पर ड्रग तस्करी और ‘नार्को-टेररिज़्म’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाता रहा है. इसी कड़ी में हाल ही में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को काराकास से हिरासत में लेकर अमेरिका लाया गया, जहां वे न्यूयॉर्क की ब्रुकलिन जेल में बंद हैं.
इस रिपोर्ट के बाद सवाल खड़ा होता है कि मादुरो पर किस आरोप के तहत मुकदमा चलाया जायेगा? जाहिर है कि ट्रंप की नजर वेनेजुएला के तेल पर ही है.
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद ट्रम्प ने मेक्सिको, कोलंबिया और क्यूबा को चेतावनी देते हुए कहा कि ड्रग तस्करी और अवैध घुसपैठ के मामले में अमेरिका किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा.