मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

बघेल की तारीफ पड़ी भारी, पूर्व मंत्री चौबे के खिलाफ अनुशासनहीनता का प्रस्ताव

पूर्व मंत्री चौबे के खिलाफ अनुशासनहीनता का प्रस्ताव पास

H

Hupendra Sharma

03 सित. 2025, 03:08 PM 3 मिनट में पढ़ें 15

कांग्रेस की बैठक
कांग्रेस की बैठक

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में बुधवार को जिलाध्यक्षों की बैठक में पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे के बयान को लेकर जमकर हंगामा हुआ. इसके बाद रविन्द्र चौबे के खिलाफ अनुशासनहीनता के तहत कार्रवाई करने का प्रस्ताव पारित किया गया.


बैठक में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान को और तेज करने की रणनीति पर चर्चा हुई. कांग्रेस बस्तर से लेकर सरगुजा, मोहला-मानपुर से रायपुर चारों ओर अभियान चलाएंगे.

विज्ञापन


इस अभियान को लेकर कांग्रेस गांव-गांव तक जाएगी. लोगों को समझाने नुक्कड़ नाटक करेंगे और पोस्टर अभियान भी चलाएंगे. बैठक इसके अलावा और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई.  


दरअसल, पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन पर कहा था कि जनता की इच्छा है कि कांग्रेस का नेतृत्व भूपेश बघेल ही करें. इस बयान के बाद कांग्रेस में खलबली मच गई थी.


हालांकि मामला गरमाता देख रविन्द्र चौबे ने यू-टर्न लेते हुए कहा था कि कांग्रेस हमेशा सामूहिक नेतृत्व में काम करती है. इसी बयान को लेकर बैठक में उपस्थित सभी 31 पदाधिकारियों ने मुद्दा बनाया.


पदाधिकारियों ने कहा कि यह बयान अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है. ऐसा बयान कोई और ना दे, इसलिए रविन्द्र चौबे के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.


इसके बाद डॉ. चरण दास महंत और पीसीसी चीफ दीपक बैज की मौजूदगी में सर्वसम्मति से चौबे के खिलाफ अनुशासन हीनता की कार्रवाई करने का प्रस्ताव पारित किया गया.


वोट चोर-गद्दी छोड़ पर चर्चा

बैठक में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान को और तेज करने की रणनीति पर चर्चा हुई. पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि 9 सितंबर को बिलासपुर में 'वोट चोर गद्दी छोड़' प्रदेश स्तरीय अभियान की शुरुआत होगी.


उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में इस अभियान को बड़ा आंदोलन के रूप में तैयार किया जा रहा है. नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत को इसकी जिम्मेदारी दी गई है.


नेता अपने-अपने चमचों को संभालकर रखें- महंत

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने रविन्द्र चौके के बयान पर कहा कि यह बयानबाजी हमारी नहीं चमचों की गलती है.


उन्होंने कहा कि ‘मैंने समझाइश में जरूर बोला है, लेकिन बाकी बातें बाहर जा रही हैं.


उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान हमारी गलती नहीं, बल्कि हमारे चमचों की गलती हैं, जो किसी को मुख्यमंत्री तो किसी को प्रदेश अध्यक्ष बनाते हैं. सभी नेता अपने-अपने चमचों को संभालकर रखें.


बैठक में कृषि, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और जनहित के अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही हाल ही में अलग-अलग जिलों में हुए धरना-प्रदर्शन की समीक्षा की गई.


जिलाध्यक्षों से इन आंदोलनों का प्रतिवेदन मांगा गया है, ताकि आगे की रणनीति तय की जा सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP