नसीरुद्दीन शाह ने दिल्ली पुलिस की तुलना US की 'ICE' एजेंसी से की
नई दिल्ली । डेस्क: नीट परीक्षा में धांधली और पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा छात्रों का प्रदर्शन अब और तेज हो गया है. मशहूर बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने विरोध कर रहे छात्रों का खुलकर समर्थन किया है.
'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर साझा किए गए एक वीडियो में 76 वर्षीय अभिनेता ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग की कड़े शब्दों में निंदा की है.
शाह ने दिल्ली पुलिस के रवैये पर गहरा आक्रोश जताते हुए उनकी तुलना अमेरिका की विवादित 'इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट' (ICE) एजेंसी के एजेंटों से कर दी. उन्होंने कहा कि नकाब पहनकर और हाथों में डंडे लेकर बच्चों पर अत्याचार करने वाले लोग उन्हें अमरीकी ICE एजेंटों की याद दिलाते हैं.
उन्होंने पुलिसकर्मियों को आगाह करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों के बारे में सोचें और याद रखें कि एक दिन उन्हें भी उनके कर्मों का अंजाम भुगतना पड़ेगा. देश की युवा पीढ़ी पर भरोसा जताते हुए उन्होंने प्रदर्शनकारियों का हौसला बढ़ाया और कहा कि पूरा देश इस लड़ाई में उनके साथ खड़ा है.
गौरतलब है कि सोमवार को संसद भवन की ओर 'चलो संसद' मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई थी. भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने और भारी बैरिकेडिंग के बावजूद छात्रों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े.
जून से शुरू हुए इस आंदोलन में छात्र लगातार नीट परीक्षा धांधली की जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
इस प्रदर्शन को जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अलावा ऋतिक रोशन, अरिजित सिंह, दीया मिर्जा, सोनाक्षी सिन्हा, प्रकाश राज और शबाना आजमी जैसी हस्तियों का भी समर्थन मिल चुका है.