नवरात्रि शुरू, मंदिरों में जले आस्था के जोत
रायपुर | संवाददाताः शारदीय नवरात्रि के प्रारंभ के साथ ही देवी मंदिरों में ज्योतिकलश प्रज्वलित हो गए. इसी के साथ शक्ति की भक्ति के महापर्व की शुरूआत भी हो गई. सोमवार को देवी मंदिरों में शुभ मुहूर्त में घटस्थापना कर कलश स्थापित कर आस्था के जोत जलाए गए. साथ ही दुर्गा पंडालों में मूर्ति स्थापित की गई.
इसी प्रकार नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा की अलग-अलग रूपों की विशेष पूजा-अर्चना होती है. नवरात्र का यह पर्व 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगा. नवरात्र शुरू होते ही प्रदेश भर में भक्तिमय माहौल नजर आने लगा है. चारों तरफ देवी जसगीत बज रहे हैं.
आज पहले दिन देवी मंदिरों में सुबह से माता के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा. सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया था. नवरात्र के चलते देवी मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की गई है.
देवी मां का किया गया सोलह श्रृंगार
बिलासपुर की प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया देवी में आज देवी का विशेष सोलह श्रृंगार किया गया.
यहां देवी के वस्त्र नवमी तक बदले नहीं जाएंगे. यहां रात 12 बजे तक भक्त मां के दर्शन कर सकेंगे. जबकि सप्तमी के दिन पूरे 24 घंटे तक मंदिर के पट खुले रहेंगे और श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे.
बताया गया कि रतनपुर महामाया में 31 हजार ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं. जिसमें 5 हजार घी के ज्योति हैं.
वहीं राजधानी रायपुर की प्राचीन महामाया देवी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखने को मिल रही है.
मंदिर परिसर को भी आकर्षक लाइट, रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है. इसी तरह दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी को इस नवरात्रि में विशेष स्वर्ण आभूषण पहनाए गए हैं.
डोंगरगढ़ में एक हजार पुलिस तैनात
डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन दर्शन करने काफी संख्या श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं. यहां बीती रात से ही श्रद्धालु पहुंच गए थे और सुबह से पट खुलने का इंतजार करते रहे.
डोंगरगढ़ में रोज पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो और भीड़ को नियंत्रण करने के लिए यहां एक हजार पुलिस जवान तैनात किए गए हैं.
डोंगरगढ़ में पहाड़ के ऊपर 8000 और नीचे मंदिर में 901 ज्योति कलश जलाए गए हैं.
साथ ही रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में 9 दिनों के लिए स्टापेज दिया है.
इसके अलावा दुर्ग से डोंगरगढ़ तक एक स्पेशल मेमू ट्रेन भी चलाई जाएगी. एक्सप्रेस ट्रेनों के डोंगरगढ़ में ठहरने का समय दो मिनट निर्धारित किया गया है.
बिलासपुर में 2 लाख वर्गफुट में दुर्गा पंडाल
इधर, बिलासपुर में प्रदेश का सबसे बड़ा दुर्गा पंडाल बनाया गया है. यहां अरपा तट पर 2 लाख वर्गफीट में दुर्गा पंडाल बनाया गया है. जिसमें 25 फीट ऊंची माता रानी की आकर्षक प्रतिमा विराजमान की गई है.
बताया गया कि गोंड़पारा सुभाष नगर के आदर्श दुर्गोत्सव समिति के 50 साल पूरे होने पर स्वर्ण जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है.
समिति ने इस बार आयोजन को विशेष आकर्षक बनाने के लिए राजस्थानी कलाकृतियों के साथ महलनुमा पंडाल बनाया है.
पंडाल के भीतर छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक के साथ झांकी और मंदिरनुमा सजावट की गई है.साथ ही यहां मेले का भी आयोजन किया गया है.
इसके साथ ही पूरे 10 दिनों तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.