NCRB रिपोर्ट 2024: अपराध के मामले में दिल्ली देश में अव्वल
नई दिल्ली । डेस्क: नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों ने देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बुधवार को जारी डेटा के अनुसार, दिल्ली महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और विदेशियों के खिलाफ होने वाले अपराधों के मामले में एक बार फिर चार्ट में सबसे ऊपर है.
साल 2024 में दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 13,396 मामले दर्ज किए गए, जो देश के 19 प्रमुख शहरों में सबसे अधिक हैं. रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बलात्कार के 1,058 मामलों के साथ रेप और दहेज हत्या दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं.
बच्चों के खिलाफ अपराधों में भी दिल्ली 7,662 मामलों के साथ शीर्ष पर है, जहाँ प्रति लाख बच्चों पर अपराध की दर 138.4 दर्ज की गई है. इसके अलावा, किशोर अपराध (जुवेनाइल क्राइम) के मामले में भी दिल्ली 2,306 केस के साथ सभी मेट्रो शहरों में आगे है.
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में अपहरण और जबरन वसूली की घटनाएं भी चिंताजनक हैं, जहाँ साल 2024 में 5,580 मामले सामने आए. हत्या के मामलों में भी राष्ट्रीय राजधानी केंद्र शासित प्रदेशों में सबसे आगे रही, जहाँ इस साल कुल 504 हत्याएं दर्ज की गईं.
सड़क सुरक्षा के मोर्चे पर भी स्थिति भयावह है; दिल्ली में 2024 के दौरान सड़क हादसों में 1,658 लोगों की जान गई, जो 19 महानगरों में सबसे अधिक है. इनमें से 1,521 मामले 'हिट-एंड-रन' के थे.
आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि दिल्ली में कुल संज्ञेय अपराधों की संख्या 2.7 लाख से अधिक है, जो मुंबई से पांच गुना और बेंगलुरु से सात गुना ज्यादा है.
हालांकि, इन सबके बीच सबसे चौंकाने वाली बात दिल्ली पुलिस की चार्जशीट दर है. भारी संख्या में मामले दर्ज होने के बावजूद, दिल्ली की चार्जशीट दर केवल 31.9 प्रतिशत रही, जो रिपोर्ट में शामिल 19 महानगरों में सबसे कम और चिंताजनक है.