नीट पेपर लीक: मुख्य आरोपी CBI कस्टडी में, NTA में नए अधिकारी नियुक्त
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक मामले के कथित मास्टरमाइंड पी वी कुलकर्णी और एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे को 10 दिनों के लिए सीबीआई (CBI) की हिरासत में भेज दिया है. विशेष सीबीआई न्यायाधीश अजय गुप्ता ने दोनों आरोपियों की रिमांड मंजूर की, जब केंद्रीय जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि इस बड़ी साजिश की जांच के लिए दोनों को देश की राजधानी से बाहर ले जाकर पूछताछ करने की जरूरत है.
अदालत में सीबीआई का पक्ष रखते हुए विशेष लोक अभियोजक नीतू गुप्ता ने आरोपियों की 14 दिनों की रिमांड मांगी थी. जांच एजेंसी के मुताबिक, कुलकर्णी एक केमिस्ट्री लेक्चरर हैं और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े होने के कारण उनकी पहुंच प्रश्नपत्रों तक थी.
उन पर आरोप है कि अप्रैल के आखिरी हफ्ते में उन्होंने पुणे स्थित अपने आवास पर विशेष कोचिंग कक्षाएं चलाईं, जहां छात्रों को नीट-यूजी 2026 परीक्षा के प्रश्न और उनके सही उत्तर लिखवाए गए थे.
छात्रों की कॉपियों में लिखे ये हाथ से बने नोट्स 3 मई को हुई वास्तविक परीक्षा के प्रश्नपत्र से हूबहू मेल खाते हैं. इस मामले में एनटीए की पेपर सेटिंग कमेटी का हिस्सा रहीं बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा मंधारे को भी शनिवार को मुख्यालय में पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है.
दूसरी ओर, पेपर लीक विवाद के बीच केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल किया है.
सरकार ने एजेंसी में दो नए संयुक्त सचिव और दो संयुक्त निदेशक नियुक्त किए हैं. कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार, भारतीय सांख्यिकी सेवा की 1998 बैच की अधिकारी अनुजा बापट और भारतीय राजस्व सेवा (सीमा शुल्क और अप्रत्यक्ष कर) की 2004 बैच की अधिकारी रुचिरा विज को 5 साल के लिए एनटीए में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है.
इसके अलावा, आईआरएस अधिकारी आकाश जैन और आईएएंडएएस अधिकारी आदित्य राजेंद्र भोजगढिया को संयुक्त निदेशक बनाया गया है.
गौरतलब है कि देश भर के मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए 3 मई को आयोजित हुई नीट परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों के बाद सरकार ने इसे रद्द कर दिया था और सीबीआई को इसकी व्यापक जांच सौंपी थी. इस परीक्षा के लिए देश भर से लगभग 23 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था.