नीट यूजी परीक्षा, छत्तीसगढ़ में 45,000 परीक्षार्थी
छत्तीसगढ़ में नीट यूजी की परीक्षा में 45 हजार छात्र शामिल हुए
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में नीट यूजी (NEET UG- 2025) की परीक्षा के लिए इस बार सिर्फ सरकारी संस्थानों को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है. आज देश भर में नीट UG- 2025 की परीक्षा आयोजित की गई.
रायपुर में 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए . जहां जिले के 9,300 कैंडिडेट्स परीक्षा में शामिल हुए. वहीं पूरे छत्तीसगढ़ में 45 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए..
इसके लिये परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे, जैमर और बायोमैट्रिक अटेंडेंस मशीन लगाई गई. परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की जांच की गयी. हाथ में बंधे धागे, ताबीज और रुद्राक्ष माला को भी उतरवाया गया.
एग्जाम सेंटर में सिर्फ पारदर्शी पानी बॉटल ही अलाउड थी. ज्यादातर कैंडिडेट लोअर और हाफ टी-शर्ट में परीक्षा केंद्र पहुंचे.
परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट को किसी प्रकार का मैटलिक आयटम जैसे ज्वेलरी या कड़ा पहनकर आने वाले छात्रों को परीक्षा सेंटर में प्रवेश की मनाही थी.
परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों को सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश की अनुमति थी. 1.30 बजे के बाद किसी भी कैंडिडेट को केंद्र में प्रवेश नहीं देने का नियम था.
गड़बड़ी से बचने पुख्ता इंतजाम
नीट को लेकर पिछले साल उठे विवादों को देखते हुए इस बार खासा तैयारी की गई है. परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किये गए हैं.
परीक्षा में आवेदन कर्ता की जगह कोई और न बैठे इसकी जांच के लिये एआई की मदद लेने की बात की जा रही है.
इसकी मदद से आवेदन में लगाए गए फोटो, परीक्षा केंद्र में लिए गए फोटो और सीसीटीवी फुटेज से 15 मिनट के फोटो का मिलान किया जाएगा.
प्रदेश में इस बार सिर्फ सरकारी संस्थानों को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है.2024 में 50.92 प्रतिशत ने किया था क्वालीफाई
नीट यूजी 2024 में छत्तीसगढ़ से 43,873 परीक्षार्थी शामिल हुए थे. जिसमें से 22,344 यानी 50.92 प्रतिशत छात्रों ने क्वालीफाई किया था.
बीते छह सालों में ऐसा पहली बार है, जब इतनी संख्या में छात्रों ने यह परीक्षा पास की थी.
2023 में 41,196 छात्रों में से 19,610 यानी 47.60 % नीट क्वालीफाई करने में कामयाब हुए थे.
इस तरह से देखा जाए तो 2023 के मुकाबले 2024 में राज्य में नीट का रिजल्ट 3.32 प्रतिशत बढ़ा है.