वन विभाग की लापरवाही, बारिश की भेंट चढ़ा तेंदूपत्ता
छत्तीसगढ़ में बारिश में बहीं तेंदूपत्ते की गड्डियां
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भोपालपटनम ब्लॉक में इंद्रावती और चिंतावागु नदियों के किनारे सुखाए जा रहे तेंदूपत्ते की हजारों गड्डियां भारी बारिश में बह गईं. "हरा सोना" कहे जाने वाले तेंदूपत्ता का यह नुकसान प्राकृतिक आपदा से कहीं अधिक वन विभाग की लापरवाही के नतीजे के रूप में सामने आ रहा है.
इस घटना ने सैकड़ों ग्रामीणों की मेहनत पर पानी फेर दिया, जो कि पहले से ही आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं.
पूर्व चेतावनी के बावजूद लापरवाही
मौसम विभाग ने क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी पहले ही जारी कर दी थी. इसके बावजूद, तेंदूपत्ते की गड्डियों को नदी किनारे रेत पर खुले में छोड़ दिया गया.
पोषड़पल्ली, करकावाया, बामनपुर, गोरगुंडा और अर्जुनल्ली जैसे गांवों के ग्रामीणों ने तपती गर्मी में पत्ते तोड़कर और बांधकर तैयार किए थे, लेकिन विभाग की उदासीनता के कारण उनकी मेहनत बेकार चली गई.
सवाल उठ रहे हैं कि क्या विभाग ने चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया?
वन विभाग की जिम्मेदारी, लेकिन तैयारी जीरो
इस साल तेंदूपत्ता संग्रहण का जिम्मा ठेकेदारों से हटाकर वन विभाग को सौंपा गया था, ताकि ग्रामीणों को सीधा लाभ मिले.
लेकिन विभाग न तो ग्रामीणों के साथ तालमेल बना पाया और न ही मौसम की मार से पत्तों को बचाने की कोई व्यवस्था की.
कहा जा रहा है कि गड्डियों की गिनती, भुगतान और संग्रहण की प्रक्रिया में पहले ही असमंजस था. कई जगह ग्रामीणों को भुगतान में देरी हुई, जिससे नाराजगी थी.
अब नुकसान का ठीकरा "बेमौसम बारिश" पर फोड़ा जा रहा है.
बीमा का दावा, पर भरोसा नहीं
भोपालपटनम के वन विभाग के एसडीओ नितीश कुमार रावटे ने कहा कि सभी फड़ों का बीमा किया गया था और नुकसान की भरपाई बीमा कंपनी करेगी.
ग्रामीणों को इस प्रक्रिया की पारदर्शिता और समयबद्धता पर शक है. पहले भी बीमा मुआवजे में लंबी देरी की शिकायतें सामने आ चुकी हैं.
तेलंगाना-महाराष्ट्र को फायदा
विभाग की नाकामी का असर तेंदूपत्ते की अवैध बिक्री पर भी पड़ा. जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ से बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता तेलंगाना और महाराष्ट्र के बाजारों में बिना रोकटोक बेचा गया.
विभाग इसकी निगरानी और वैध संग्रहण पर नियंत्रण रखने में पूरी तरह विफल रहा.
ग्रामीणों की मेहनत डूबी
पोषड़पल्ली, करकावाया जैसे गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने पत्ते तोड़ने, बांधने और सुखाने में दिन-रात मेहनत की थी. लेकिन एक झटके में उनकी कमाई और मेहनत दोनों बह गए.
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने न तो समय पर चेतावनी दी और न ही पत्तों को सुरक्षित करने की कोई व्यवस्था की.
जांच और कार्रवाई की मांग
तेंदूपत्ता छत्तीसगढ़ के लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका का आधार है. इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कागजी योजनाओं को जमीन पर उतारना कितना जरूरी है.
ग्रामीणों और स्थानीय नेताओं ने इस मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों.
ग्रामीणों ने कहा है कि वन विभाग को प्रभावित ग्रामीणों को त्वरित मुआवजा सुनिश्चित करने के साथ ही भविष्य के लिए बेहतर भंडारण और प्रबंधन व्यवस्था भी तय करनी चाहिये.