रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

नेपाल Gen Z आंदोलन पर केपी ओली-विदेशी साज़िश, लोकतंत्र पर हमला

C

CG Khabar

14 जन. 2026, 02:50 AM 4 मिनट में पढ़ें 19

केपी शर्मा ओली
केपी शर्मा ओली

काठमांडू । डेस्क: नेपाल के अपदस्थ प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली और उनकी पूर्व कैबिनेट के वरिष्ठ नेताओं ने सितंबर 2025 में सरकार गिराने वाले जनरेशन-ज़ी (Gen Z) आंदोलन के पीछे “विदेशी शक्तियों” की भूमिका होने का आरोप दोहराया है. रूस के सरकारी वैश्विक समाचार चैनल RT को दिए साक्षात्कार में ओली ने कहा कि यह आंदोलन अचानक या स्वाभाविक नहीं था, बल्कि पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से संगठित किया गया था.


ओली ने कहा, “यह कोई साधारण या सामान्य घटना नहीं थी. यह असामान्य था और अचानक नहीं हो सकता था. यह स्पष्ट था कि इसे योजनाबद्ध ढंग से अंजाम दिया गया.” 

विज्ञापन


उन्होंने दावा किया कि बांग्लादेश और श्रीलंका के नेताओं ने पहले ही चेतावनी दी थी कि इस तरह के विरोध-प्रदर्शन नेपाल में भी हो सकते हैं. ओली के अनुसार, “यह हमारे लोकतंत्र पर हमला था, जिसका मकसद देश को फिर से गरीबी की ओर धकेलना था.”


RT की वेबसाइट पर नेपाल के पूर्व विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ज्ञवाली का बयान भी प्रकाशित किया गया है, जिसमें उन्होंने ओली के आरोपों का समर्थन किया. ज्ञवाली ने कहा कि कुछ तत्व “डीप स्टेट” से जुड़े थे और सीमा-पार दुष्प्रचार व गलत सूचना का इस्तेमाल कर हिंसा भड़काने में सक्रिय थे. 


उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत और चीन के साथ नेपाल के बढ़ते संबंध और दोनों देशों के बीच आर्थिक सेतु बनने की काठमांडू की महत्वाकांक्षा कुछ वैश्विक शक्तियों को रास नहीं आई.


ज्ञवाली के अनुसार, कुछ ताकतें नेपाल की भू-रणनीतिक स्थिति का अपने हित में इस्तेमाल करना चाहती थीं. उन्होंने संकेत दिया कि पड़ोसी देशों के साथ नेपाल की सक्रिय भागीदारी ने “बड़ी शक्तियों” की नाराज़गी बढ़ाई.


RT ने अपने पहले के एक लेख का हवाला देते हुए अमेरिकी समाचार वेबसाइट द ग्रेज़ोन (The Grayzone) की जांच का उल्लेख किया, जिसमें दावा किया गया है कि अमेरिका सरकार से वित्तपोषित संस्था नेशनल एंडोमेंट फॉर डेमोक्रेसी (NED) ने नेपाली युवाओं को विरोध-प्रदर्शन के लिए प्रशिक्षित करने पर लाखों डॉलर खर्च किए. 


रिपोर्ट के अनुसार, ये प्रदर्शन ऐसे समय हुए जब अमेरिका काठमांडू पर चीनी और भारतीय प्रभाव को सीमित करना चाहता था.


RT ने यह भी आरोप लगाया कि NED से जुड़ी संस्था इंटरनेशनल रिपब्लिकन इंस्टीट्यूट (IRI) पर बांग्लादेश और यूक्रेन में गुप्त राजनीतिक गतिविधियों को फंडिंग देने के आरोप लग चुके हैं. हालांकि NED खुद को दुनिया भर में “लोकतांत्रिक पहलों” का समर्थन करने वाली संस्था बताती है.


इस बीच, ओली ने कहा कि नेपाल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति चुनाव कराने के अनुकूल नहीं है. उनकी सरकार गिरने के बाद पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था. देश में आम चुनाव मार्च में प्रस्तावित हैं.


गौरतलब है कि RT इंडिया की शुरुआत 5 दिसंबर को हुई थी, जो भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन की 23वीं वर्षगांठ के अवसर पर लॉन्च किया गया था.


नेशनल एंडोमेंट फॉर डेमोक्रेसी (NED):


नेशनल एंडोमेंट फॉर डेमोक्रेसी (National Endowment for Democracy – NED) अमेरिका सरकार से वित्तपोषित एक गैर-लाभकारी संस्था है, जिसकी स्थापना वर्ष 1983 में की गई थी. इसका मुख्यालय वॉशिंगटन डी.सी. में है. NED का घोषित उद्देश्य दुनिया भर में लोकतांत्रिक संस्थाओं, प्रक्रियाओं और मूल्यों को बढ़ावा देना है.


यह संस्था विभिन्न देशों में राजनीतिक दलों, नागरिक संगठनों, मीडिया, ट्रेड यूनियनों और युवा समूहों को अनुदान (ग्रांट) देती है. NED के चार प्रमुख सहयोगी संगठन हैं-


नेशनल डेमोक्रेटिक इंस्टीट्यूट (NDI)


इंटरनेशनल रिपब्लिकन इंस्टीट्यूट (IRI)


सेंटर फॉर इंटरनेशनल प्राइवेट एंटरप्राइज (CIPE)


सॉलिडैरिटी सेंटर (Solidarity Center)


NED को मिलने वाला अधिकांश धन अमेरिकी कांग्रेस द्वारा आवंटित किया जाता है और यह फंड आमतौर पर अमेरिकी विदेश नीति लक्ष्यों से जुड़ा माना जाता है. इसी कारण कई देशों में NED पर आंतरिक राजनीति में दखल देने, विपक्षी आंदोलनों को समर्थन देने और सत्ता परिवर्तन को प्रभावित करने जैसे आरोप लगते रहे हैं.


हालांकि NED अपने बचाव में कहता है कि वह केवल लोकतांत्रिक जागरूकता, स्वतंत्र मीडिया, मानवाधिकार और नागरिक भागीदारी को प्रोत्साहित करता है और किसी भी देश की संप्रभुता के खिलाफ काम नहीं करता.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP