नेपाल: दो गुटों में हिंसक झड़प में 1 की मौत और कई घायल, धारा 144 लागू
नई दिल्ली । डेस्क: भारत सीमा से सटे नेपाल के सुनसरी जिले में रविवार रात दो धार्मिक समुदायों के बीच लाउडस्पीकर बजाने और धार्मिक झंडे लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. देवगंज ग्रामीण नगरपालिका के कप्तानगंज इलाके में हुए इस बवाल को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को हवा में गोलियां चलानी पड़ीं, जिसमें ओम प्रकाश मेहता नाम के एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई.
इस हिंसा में सुरक्षाकर्मियों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन कार्यालय, सुनसरी ने सोमवार सुबह 7:00 बजे से जिले के पांच प्रमुख बाजार क्षेत्रों में अनिश्चितकाल के लिए निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू कर दी है.
प्रशासन ने चार से अधिक लोगों के एकत्र होने, प्रदर्शन, जनसभा और धरने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है.
आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एक महीने की जेल या 500 नेपाली रुपये जुर्माना अथवा दोनों का प्रावधान किया गया है.
भारत के बिहार राज्य से सटा सुनसरी व्यापारिक दृष्टि से एक बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण सीमावर्ती इलाका है, जहां फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. Symbolic Photo