गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

नेपाल: Gen-Z आंदोलनकारियों पर फायरिंग का आदेश नहीं दिया था- ओली

C

CG Khabar

05 जन. 2026, 02:01 AM 3 मिनट में पढ़ें 13

केपी शर्मा ओली
केपी शर्मा ओली

काठमांडू । डेस्क: नेपाल में जेन-जेड युवाओं के आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और मौतों के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री और सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली से आखिरकार जांच एजेंसियों ने पूछताछ कर ली है. रविवार को ओली ने गौरी बहादुर कार्की की अगुवाई वाले जांच आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सामने अपना लिखित बयान दर्ज कराया.


करीब चार महीने पहले हुए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में युवाओं की जान गई थी. पहले दिन 19 युवकों की पुलिस फायरिंग में मौत हुई थी, जबकि दो दिनों में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 77 तक पहुंच गई. इन घटनाओं के बाद सरकार की भूमिका और सुरक्षा बलों की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठे थे.

विज्ञापन


जांच आयोग की एक टीम जब ओली के काठमांडू स्थित गूंडू आवास पर समन देने पहुंची, तो उन्होंने वहीं अपना लिखित बयान सौंप दिया. इससे पहले ओली लगातार इस जांच पैनल को पक्षपाती बताते रहे थे. आयोग के एक सदस्य बिग्यान राज शर्मा के अनुसार, समन मिलने के तुरंत बाद ओली ने बयान देने की इच्छा जताई.


लिखित बयान देने के बाद ओली सीधे राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग पहुंचे. आयोग की पांच सदस्यीय टीम ने उनसे करीब ढाई घंटे तक पूछताछ की. इस दौरान उनसे आंदोलन के दौरान बल प्रयोग, पुलिस फायरिंग, सरकार की भूमिका और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष के रूप में उनकी जिम्मेदारी को लेकर लगभग तीन दर्जन सवाल पूछे गए.


ओली ने कहा कि वह मानवाधिकार आयोग के सम्मान में पेश हुए हैं और निष्पक्ष जांच के पक्ष में हैं. हालांकि उन्होंने साफ तौर पर यह दावा किया कि पुलिस को गोली चलाने का कोई सीधा आदेश उन्होंने नहीं दिया था. उनका कहना था कि प्रधानमंत्री सीधे पुलिस को ऐसे आदेश नहीं देता.


गौरतलब है कि ओली ने पहले खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर आयोग के सामने पेश होने में देरी की थी, लेकिन रविवार को तय समय पर वे आयोग पहुंचे. पूछताछ के दौरान उनके साथ आए अन्य नेताओं को कमरे के बाहर ही रोक दिया गया.


मानवाधिकार आयोग की शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया है कि आंदोलन के पहले दिन का शुरुआती हिस्सा शांतिपूर्ण था. बाद में पुलिस फायरिंग से हालात बिगड़े और अगले दिन बड़े पैमाने पर आगजनी और तोड़फोड़ हुई. रिपोर्ट में सरकार की ओर से हालात का सही आकलन न कर पाने और सुरक्षा बलों के मनोबल में गिरावट को बड़ी वजह बताया गया है.


अब तक आयोग 78 अधिकारियों और राजनीतिक नेताओं के बयान दर्ज कर चुका है, जिनमें तत्कालीन गृह मंत्री, विदेश मंत्री, सूचना मंत्री और सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शामिल हैं. आयोग ने कहा है कि वह अगले 15 दिनों में अपनी विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक करेगा.


उधर, कार्की जांच पैनल ने ओली के बयान के बाद उनके काठमांडू घाटी से बाहर जाने पर लगी पाबंदी को लेकर जल्द फैसला लेने की बात कही है. जांच पैनल का कार्यकाल 24 जनवरी को समाप्त हो रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP