रवि, 15 नव. 2026

CGKhabar

नेपाल में सियासी उथल-पुथल: बलेन शाह बन सकते हैं नए PM

C

CG Khabar

10 सित. 2025, 12:56 AM 3 मिनट में पढ़ें 14

बलेन शाह
बलेन शाह

काठमांडू । डेस्क: नेपाल में सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के बाद भड़के छात्र-युवा आंदोलन ने देश को अस्थिरता की आग में झोंक दिया है. भ्रष्टाचार के आरोप, बेरोजगारी और लंबे समय से जमा असंतोष ने इस आंदोलन को हवा दी. सोमवार को राजधानी काठमांडू सहित पूरे नेपाल में हिंसक प्रदर्शन हुए, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई. कई मंत्रियों और नेताओं के घरों में आगजनी की घटनाएं सामने आईं, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. 


मंगलवार को सेना प्रमुख अशोक राज सिगदेल ने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से मुलाकात की और इस्तीफे की सलाह दी. दबाव में ओली ने पद छोड़ दिया. राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के 21 सांसदों ने सामूहिक इस्तीफा देकर संसद भंग करने और नए चुनाव की मांग की है.

विज्ञापन


इस अशांत माहौल में काठमांडू के मेयर बलेंद्र शाह (बलेन) युवाओं के बीच उम्मीद की किरण बनकर उभरे हैं. 33 वर्षीय बलेन पेशे से स्ट्रक्चरल इंजीनियर हैं. उन्होंने नेपाल के वीएस निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल से पढ़ाई की, हिमालयन व्हाइटहाउस इंटरनेशनल कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक और भारत के कर्नाटक स्थित विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (वीटीयू) से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर्स डिग्री हासिल की. 


2022 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में राजनीति में कदम रखा और शासक दल के दिग्गज नेताओं को हराकर काठमांडू का 15वां मेयर चुने गए.


बलेन न केवल एक इंजीनियर, बल्कि नेपाल में एक मशहूर रैपर भी हैं. सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रियता ने उन्हें युवाओं का चहेता बना दिया है. 


2023 में टाइम मैगजीन ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में शामिल किया. न्यूयॉर्क टाइम्स ने उनकी पारदर्शिता और जमीनी स्तर की राजनीति की तारीफ की. 


मेयर के रूप में उन्होंने काठमांडू की सड़कों को साफ करने, पब्लिक स्कूलों का उन्नयन करने और टैक्स चोरी करने वाली निजी संस्थाओं पर कठोर कार्रवाई की. उनकी इन उपलब्धियों ने उन्हें युवा पीढ़ी (जेन-जी) का हीरो बना दिया है.


सोशल मीडिया पर बलेन के समर्थन में पोस्ट की बाढ़ आ गई है. युवा और छात्र उन्हें अगले प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं. वे मांग कर रहे हैं कि बलेन मेयर पद छोड़कर राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखें और एक नई पार्टी बनाकर नेपाल की तीन पारंपरिक पार्टियों के शासन को चुनौती दें. 


बलेन ने फेसबुक पर आंदोलन का समर्थन करते हुए लिखा, "युवाओं के प्रति मेरी पूरी सहानुभूति है." उन्होंने नेताओं से आंदोलन का राजनीतिक फायदा न उठाने की अपील की. उनकी यह बात युवाओं के दिलों को छू गई है, जो उन्हें पुराने नेतृत्व का विकल्प मानते हैं.


नेपाल में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ आंदोलन की जड़ें गहरी हैं. कई नेताओं, खासकर 60 वर्ष से अधिक उम्र के, पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं. युवाओं में नाराजगी का एक बड़ा कारण रोजगार का अभाव भी है, जिसके चलते कई युवा देश छोड़ने को मजबूर हैं. 


आंदोलन में स्कूली छात्रों की भागीदारी ने भी सबका ध्यान खींचा है. अब सवाल यह है कि नेपाल का अगला शासनभार किसके हाथों में जाएगा. क्या बलेन शाह युवाओं की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे? यदि बलेन शाह नये प्रधानमंत्री बनते हैं तो देखना पड़ेगा कि उनका झुकाव चीन की तरफ है या भारत की तरफ है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
जेन्सेन हुआंग
देश-विदेश

NVIDIA में जेन्सेन हुआंग की वापसी के लिए उठी 1.34 लाख लोगों की आवाज, एलन मस्क का समर्थन

30 मिनट पहले

अलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज (AOC)
देश-विदेश

2028 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में उतरेंगी एओसी? न्यूयॉर्क डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स की दावेदारी

49 मिनट पहले

शनिवार को फ्रांस में प्रदर्शन
देश-विदेश

फ्रांस: महंगाई के खिलाफ 1 लाख से ज्यादा लोग सड़कों पर, मंगलवार को देशव्यापी हड़ताल

10 घंटे पहले

बेंजामिन नेतन्याहू- ईजरायल के प्रधानमंत्री
देश-विदेश

इजरायल में सियासी उलटफेर के संकेत, कट्टरपंथी मंत्रियों की विरासत पर टिकी निगाहें

10 घंटे पहले

डॉ. मैट लैम्बर्ट- जिन्होंने गोली चलाई
देश-विदेश

वाशिंगटन शूटिंग: डॉक्टर ने की बिल्डिंग मैनेजर की हत्या, फिर खुद को मारी गोली

10 घंटे पहले

जेन्सन हुआंग- Nvidia के पूर्व अधिकारी जिन्होने इस्तीफा दिया है
देश-विदेश

जेनसन हुआंग की विदाई के बाद कड़े कानूनों की आहट और बीजिंग की चेतावनी

11 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP