नए शिक्षा मंत्री बलात्कारियों की तारीफ़ करते हैं: अभिजीत दीपके
छत्रपति संभाजीनगर । डेस्क: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक और युवा कार्यकर्ता अभिजीत दीपके ने दिल्ली में नीट पेपर लीक के खिलाफ चले लंबे आंदोलन से लौटने के बाद केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. अपने गृह नगर छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दीपके ने नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की नियुक्ति पर सवाल उठाए और उन्हें "अजीब" करार दिया.
उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के बाद एक ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंप दी गई है जो देश को गलत संदेश दे रहा है. दीपके ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल में गुंडों और दुष्कर्मियों को संरक्षण दिया जा रहा है और यही वजह है कि राम रहीम जैसे दोषियों को बार-बार पैरोल मिल जाती है.
उन्होंने आरोप लगाया, "अगर देश के शिक्षा मंत्री बलात्कारियों की तारीफ़ करते हैं, तो इसका मतलब है कि धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के बाद एक और अजीब आदमी को लाया गया है. देश को क्या संदेश दिया जा रहा है? वे कुछ और नहीं कर सकते क्योंकि उनकी पार्टी गुंडों से भरी हुई है. उनके कार्यकाल में राम रहीम (बलात्कार का दोषी) जैसे लोग पैरोल पर बाहर आते हैं. यह सरकार गुंडों और बलात्कारियों का समर्थन करती है."
नीट आंदोलन के दौरान 20 जुलाई को छात्रों पर हुए पुलिस बल प्रयोग पर दीपके ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की. उन्होंने दावा किया कि छात्रों पर लाठीचार्ज का आदेश सीधा गृह मंत्री कार्यालय से ही आया होगा.
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर सरकार यह मानती है कि यह आंदोलन देश के बाहर से प्रायोजित था, तो यह अमित शाह की बड़ी नाकामी और 'चाणक्य' की छवि पर सवालिया निशान है.
इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आंदोलन स्थल जंतर-मंतर पर पुलिस खुद पत्थरों से भरे ट्रक लेकर आई थी ताकि छात्रों को पथराव के झूठे मामले में फंसाया जा सके.
योग गुरु बाबा रामदेव के उस बयान पर भी दीपके ने पलटवार किया जिसमें उन्होंने 'जेन ज़ी' (Gen Z) पर भारतीय संस्कृति को बदनाम करने का आरोप लगाया था. दीपके ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबा साहब अंबेडकर की तस्वीरों के साथ शांतिपूर्ण और संवैधानिक प्रदर्शन करना संस्कृति को नुकसान पहुंचाना नहीं है.
उन्होंने रामदेव को सलाह दी कि वे अपनी कंपनी पतंजलि के कामकाज और उससे जुड़े अदालती मामलों पर ध्यान दें, क्योंकि 'जेन ज़ी' देश और इसकी संस्कृति को संभालने में पूरी तरह सक्षम है. दीपके ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी पुलिस के राजनीतिक इस्तेमाल के खिलाफ है और वे आने वाले दिनों में किसानों के मुद्दों पर भी उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे.