शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेल पर NGT ने लगाई रोक
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आगामी सभी खेल गतिविधियों पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने अंतरिम रोक लगा दी है. ट्रिब्यूनल ने यह कड़ा कदम स्टेडियम में भूजल संरक्षण और जल प्रबंधन के नियमों की अनदेखी करने के कारण उठाया है. एनजीटी के इस आदेश के बाद अब आगामी 17 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई तक बिना अनुमति के यहाँ कोई भी मैच या खेल आयोजन नहीं हो सकेगा.
इस फैसले से अक्टूबर में भारत और जिम्बाब्वे के बीच रायपुर में प्रस्तावित महिला टी20 अंतर्राष्ट्रीय सीरीज के आयोजन पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं.
यह मामला तब सामने आया जब एनजीटी ग्राउंड्स के रखरखाव के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के शोधित पानी के बजाय सीधे भूजल का इस्तेमाल करने और रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम न होने से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई कर रहा था. देश के छह बड़े स्टेडियमों को सेंट्रल ग्राउंड वॉटर अथॉरिटी (सीजीडब्ल्यूए) को पानी के स्रोत की जानकारी न देने पर नोटिस जारी किया गया था.
इनमें से दिल्ली और लखनऊ जैसे स्टेडियमों ने अपने जवाब दाखिल कर दिए, लेकिन रायपुर, जयपुर और मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम ने बार-बार नोटिस मिलने के बाद भी कोई जवाब नहीं दिया. इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये को देखते हुए एनजीटी ने इन तीनों स्टेडियमों पर अंतरिम रोक लगाते हुए अगली सुनवाई तक क्रेडिबल रोडमैप के साथ विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट मांगी है.
इस पूरे मामले पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) के निदेशक विजय शाह ने बताया कि संघ को इस आदेश की जानकारी है. उन्होंने स्वीकार किया कि स्टेडियम में वर्तमान में व्यवस्थित रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं है.
शाह के मुताबिक, राज्य सरकार ने छह महीने पहले ही स्टेडियम का नियंत्रण छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को सौंपा है, इसलिए अब नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी उनकी है. आने वाले दो-तीन महीनों में स्टेडियम में रिनोवेशन का काम होना है, जिसके तहत पर्यावरण नियमों के मुताबिक एक प्रभावी वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कर लिया जाएगा और इसका पूरा एक्शन प्लान एनजीटी के सामने पेश किया जाएगा.
भूजल के अत्यधिक दोहन के आरोपों पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि स्टेडियम के आसपास कोई रिहायशी इलाका या गांव न होने की वजह से पानी का कोई संकट नहीं है. करीब एक दशक पहले राज्य सरकार द्वारा खोदे गए बोरवेल से पर्याप्त पानी मिल जाता है, और बारिश के दिनों में आउटफील्ड के रखरखाव के लिए भूजल का उपयोग नहीं किया जाता है.
साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टेकओवर के समय उन्हें स्टेडियम का मूल डिजाइन और लेआउट मैप नहीं मिला था, जिसे अब समझकर आगे की सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी. विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों के दिनों में आउटफील्ड के रखरखाव के लिए रोजाना लगभग एक लाख लीटर पानी की जरूरत होती है.