सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

नर्स निमिषा प्रिया की फांसी पर फिलहाल रोक

C

CG Khabar

16 अक्टू. 2025, 08:42 AM 2 मिनट में पढ़ें 11

निमिषा प्रिया
निमिषा प्रिया

नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने गुरुवार 16 अक्टूबर, 2025 को सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया कि यमन में हत्या के आरोप में मौत की सज़ा का सामना कर रही भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की फांसी पर रोक लगा दी गई है. और फ़िलहाल कोई भी "प्रतिकूल" कार्रवाई नहीं हो रही है.


अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने जस्टिस विक्रम नाथ और संदीप मेहता की पीठ को बताया कि मामले में एक नया मध्यस्थ शामिल हो गया है. उन्होंने कहा, "अच्छी बात यह है कि कुछ भी प्रतिकूल नहीं हो रहा है."

विज्ञापन


निमिषा प्रिया को कानूनी सहायता दे रहे संगठन 'सेव निमिषा प्रिया इंटरनेशनल एक्शन काउंसिल' के वकील ने भी पीठ को बताया कि फांसी पर अभी रोक लगी हुई है. वकील ने मामले को स्थगित करने का अनुरोध किया, जिसके बाद पीठ ने इसे जनवरी 2026 में सूचीबद्ध करने का आदेश दिया, साथ ही कहा कि यदि स्थिति की मांग हुई तो पक्षकार जल्द सुनवाई के लिए आवेदन कर सकते हैं.


शीर्ष अदालत 38 वर्षीय प्रिया को बचाने के लिए राजनयिक चैनलों का उपयोग करने का निर्देश देने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी. प्रिया को 2017 में अपने यमनी बिज़नेस पार्टनर की हत्या का दोषी ठहराया गया था. उन्हें 2020 में मौत की सजा सुनाई गई थी, और 2023 में उनकी अंतिम अपील खारिज कर दी गई थी.


इससे पहले भी, कोर्ट को बताया गया था कि जुलाई 2025 में उनकी निर्धारित फांसी टल गई थी और उन पर कोई "तत्काल खतरा नहीं" है. याचिकाकर्ता के वकील ने पहले 'ब्लड मनी' (शरिया कानून के तहत मृतक के परिवार को वित्तीय मुआवज़ा) के भुगतान की संभावना तलाशने की बात कही थी, जिससे मृतक का परिवार प्रिया को माफ़ कर सकता है.


केरल के पलक्कड़ की रहने वाली निमिषा प्रिया यमन की राजधानी सना की जेल में बंद हैं. उनकी मां भी पीड़ित परिवार से बातचीत करने के लिए यमन गई हुई हैं. भारत सरकार ने पहले कहा था कि वह इस मामले में "आपसी सहमति से समाधान" तक पहुंचने के लिए यमनी अधिकारियों और कुछ मित्र राष्ट्रों के संपर्क में है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP