पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस का अलर्ट: दो नर्स वेंटिलेटर पर
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बारासात में निपाह वायरस के संदिग्ध संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. एक निजी अस्पताल में कार्यरत दो नर्सों, जिनमें एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं, की स्थिति अत्यंत गंभीर बताई जा रही है और दोनों वर्तमान में लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर हैं.
संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल जांच के लिए कल्याणी स्थित एम्स (AIIMS) की प्रयोगशाला में भेजे गए हैं, जिसकी रिपोर्ट राज्य स्वास्थ्य विभाग को सौंप दी गई है.
निपाह वायरस की उच्च मृत्यु दर और इसके तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव और राज्य के मुख्य सचिव लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं.
संक्रमित नर्सों में से एक हाल ही में पूर्व बर्धमान के कटवा स्थित अपने घर गई थी, जहाँ बीमार पड़ने के बाद उसे पहले बर्धमान मेडिकल कॉलेज और फिर बारासात के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
संक्रमण के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नादिया, पूर्व बर्धमान और उत्तर 24 परगना में उन लोगों की पहचान (कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग) शुरू कर दी है, जो पिछले दिनों इन नर्सों के संपर्क में आए थे. फिलहाल दोनों मरीजों को आइसोलेशन में रखा गया है.
निपाह एक घातक ज़ूनोटिक वायरस है, जो मुख्य रूप से 'टेरोपस' प्रजाति के चमगादड़ों (फ्रूट बैट्स) से इंसानों में फैलता है.
भारत में इससे पहले केरल और पश्चिम बंगाल में इसके मामले सामने आ चुके हैं.
इस वायरस की मृत्यु दर 40 से 75 प्रतिशत तक होती है और वर्तमान में इसके लिए कोई विशिष्ट टीका या दवा उपलब्ध नहीं है, जिससे यह बेहद खतरनाक माना जाता है.
विशेषज्ञों के अनुसार, बुखार, सिरदर्द, सांस लेने में तकलीफ और दौरे पड़ना इसके प्रमुख लक्षण हैं.